प्रीति और जिस बोरवेल में फेंका गया सिर
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद के थाना नारखी क्षेत्र के ग्राम जाखई में 9 जनवरी को हुए सनसनीखेज सौरभ जादौन हत्याकांड में पुलिस मजबूत चार्जशीट कोर्ट में दाखिल करने की तैयारी में जुट गई है। इसके लिए वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन की दिशा में काम शुरू किया गया है।
सौरभ जादौन के धड़ और कटे हुए सिर का डीएनए परीक्षण कराया जा रहा है, सैंपल आगरा एफएसएल भेजा गया है। अब पुलिस एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इसके मिलते ही जल्द ही पुलिस चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर देगी। इस जघन्य हत्याकांड को सौरभ की पत्नी प्रीति ने अपने प्रेमी सूरज और उसके एक साथी सलमान के साथ मिलकर अंजाम दिया था। तीनों आरोपी जेल में हैं।
सौरभ (26) मूलरूप से गादुरी, निधौली कलां, एटा का रहने वाला था। चार साल से वह थाना उत्तर के लक्ष्मी नगर में अपने बड़े भाई मिथुन के परिवार के साथ अपने पत्नी प्रीति और तीन साल के बेटे आदित्य को लेकर रह रहा था। सौरभ की हत्या के संबंध में गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के बाद पुलिस ने सोमवार को खुलासा किया कि मृतक सौरभ की पत्नी और अभियुक्त सूरज कुशवाह निवासी जाखई, नारखी के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग (अवैध संबंध) चल रहा था।
सौरभ इन संबंधों के बीच में बाधक बन रहा था, जिसे रास्ते से हटाने के लिए पत्नी और प्रेमी ने खौफनाक साजिश रची। सलमान निवासी जाखई, नारखी को सूरज और प्रीति ने 50 हजार रुपये के लालच में हत्या की वारदात में शामिल किया। 9 जनवरी की शाम को सौरभ को हत्या की साजिश के तहत ही सूरज ने फोन कर जाखई गांव में बुलाया। जाखई के पूर्व प्रधान उदयवीर सिंह के खेत में ट्यूबवेल की कोठरी के पास सौरभ को सूरज और उसके साथी सलमान ने शराब पिलाई थी। इसके बाद मफलर से गला कसकर हत्या कर दी।
इसके बाद सलमान और सूरज ने कोठरी में शव खींचने के बाद बड़े चाकू से गला काटा था। साक्ष्य मिटाने के लिए उसका सिर धड़ से अलग कर बोरवेल (बोरिंग) में फेंक दिया गया। बाइक और मोबाइल को सूरज और सलमान ने कोटला रोड पर झाड़ियों में छुपाया था। शव को नग्न करने के पीछे का उद्देश्य यह रहा कि कोई कपड़ों के आधार पर भी सौरभ की शिनाख्त न कर सके। इंस्पेक्टर राकेश गिरी ने बताया कि एफएसएल आगरा को जल्द ही रिपोर्ट देने का अनुरोध किया है, जिससे की मजबूत चार्जशीट दाखिल की जा सके।