फिरोजाबाद। आधी अधूरी तैयारी के साथ राशन सामिग्री का एक अप्रैल से वितरण का आदेश जारी हो गया है। कितने लोगों को मुफ्त राशन मिलेगा इसकी संख्या अभी तय नहीं है। साथ ही लाभार्थी के घर में कितने यूनिट हैं यह उनके कार्ड से स्पष्ट नहीं हो सकेगी।
डीएम चंद्र विजय सिंह ने कहा कि मनरेगा जॉबकार्ड धारक, श्रम विभाग में पंजीयन कार्ड, नगर क्षेत्र के पंजीयन कार्ड धारकों को फ्री में राशन प्रति यूनिट पांच किलोग्राम की दर से मिलेगा। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए 21 दिन के लॉक डाउन के साथ केंद्र सरकार ने गरीबों को फ्री राशन सामग्री देने का फैसला लिया है। इसी के तहत एक अप्रैल से जिले की सभी 860 राशन की दुकानों पर इसका वितरण शुरू होगा।
सभी राशन दुकानदारों के यहां नोडल अधिकारी भी तैनात कर दिए हैं। सभी राशन दुकानदारों से कहा गया है कि वह दुकान के बाहर साबुन के साथ पानी रखवा लें। हाथ धुलवाने के बाद ही ई-पॉश मशीन में अंगूठा लगवाएं। उन्होंने कहा कि नोडल अधिकारी के साथ जरूरत पड़ने पर पुलिस की मदद ले सकते हैं। ताकि वितरण के दौरान किसी प्रकार की कोई समस्या ना हो। इधर राशन दुकानदार भी परेशान है कि राशन लेने को आने वाली भीड़ को सोशल डिस्टेंसिंग कैसे करवाएं। इसी के ही साथ ई-पॉश मशीनों से कोरोना वायरस के संक्रमण के फैलने की आशंका है। इससे बी समस्या होगी।
आंकड़ों पर नजर
अंत्योदय कार्ड धारक 32521
मनरेगा जॉब कार्डधारक 72993
श्रम विभाग में पंजीकृत 26079
नगर निकाय चिह्नांकित 1250
पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों को चुकानी होगी कीमत
पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों को राशन पहले की तहर ही मिलेगा। उन्हें दो रुपये किलोग्राम की दर से गेहूं व तीन रुपये प्रति किलोग्राम की दर से चावल दिया जाएगा। जनपद में 387389 पात्र गृहस्थी कार्ड धारक हैं.
ज्यादा भीड़ वाली दुकानों पर होगी समस्या
फिरोजाबाद। पूर्ति विभाग के सूत्रों के अनुसार शहरी क्षेत्र में कई राशन दुकानदार ऐसे हैं जिनके पास राशन कार्ड धारकों की संख्या दो हजार से अधिक तक है। श्रमिक बहुल क्षेत्र होने के कारण यहां बहुत समस्या होगी। इनमें रामसिंह दिवाकर टापा के पास सबसे ज्यादा 2400 कार्डधारक हैं। हबीबगंज रामगढ़ रोड गुड्डू मार्केट के सामने मोहम्मद शमीम पर 2150, अशोक कुमार यादव दीदामई पर 2200 रसूलपुर टंकी के पास संतोष कुमार पर1600 हमीद पहलवान हबीबगंज पर 1600 व सतीश दिवाकर आसफाबाद पर 1400 से अधिक राशनकार्ड धारक हैं। इनके यहां राशन सामिग्री वितरण में दिक्कत होगी।
ई-पॉश मशीनें कराएं बंद, फ्री वाला राशन का नहीं हुआ उठान
- आल इंडिया फेयर प्राइज शॉप डीलर्स एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष अली मोहम्मद खान ने बताया कि राशन सामिग्री के वितरण के संबंध में स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए। कितनों को फ्री दिया जाएगा, किससे रुपये लेने हैं इसको लेकर झगड़े की नौबत रहेगी। हमारी जिला प्रशासन से मांग है कि वह ई-पॉश मशीनों से वितरण बंद कराएं। सभी को बिना मशीन के वितरण करने की ही अनुमति दें। फ्री वाला राशन किसी दुकानदार को नहीं मिला है।
-राशन विक्रेता अतुल कुमार दिवाकर ने बताया कि राशन सामिग्री मुफ्त में बांटने के आदेश हो गए। लेकिन दुकानों पर तो एक अप्रैल से भीड़ लगी दिखाई देगी। आखिर सामाजिक दूरी को कैसे बना सकेंगे। प्रशासन को चाहिए कि वह ई-पॉश मशीनों से वितरण को रोक दें। ताकि राशन सामिग्री का वितरण आसानी से हो सके।
-राशन विक्रेता गौरव यादव ने कहा कि राशन विक्रेता को कोरोना से खतरा ई-पॉश मशीनों के प्रयोग करने से है यह क्षेत्रवार फ्री में राशन दिए जाने के संबंध में सूची बनाकर दी जाए। ताकि किसे फ्री देना है यह स्पष्ट हो सके। हम लोग तो पैसे से उठाकर राशन सामिग्री लेकर आए हैं मुफ्त कैसे दे दें।
-राशन विक्रेता अनिल कुमार उर्फ पिंकी ने बताया कि प्रशासन को चाहिए कि फ्री वाली राशन सामग्री का उठान कराने के साथ ही सामग्री को बंटवाया जाए तो अच्छा रहेगा। क्योंकि दुकानदारों को यह दिक्कत होगी कि कितना फ्री बंट गया और कितना पैसों से इसका हिसाब लगाना काफी मुश्किल होगा।