- कॉलेज संचालक ऋषभ तेलंग ने 6 अक्तूबर की रात की गई थी ताबड़तोड़ फायरिंग
- लिवर में गंभीर क्षति और संक्रमण के कारण हुई थी 17वें दिन उपचार के दौरान मौत
- पुलिस ने दर्ज प्राथमिकी में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर बढ़ाई हत्या की धारा
- आरोपी कॉलेज संचालक पहले ही भेजा जा चुका है जेल
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र के कोटला चुंगी चौराहे पर बीती 6 अक्तूबर की रात हुए चर्चित गोलीकांड में घायल हुए युवक सनी ठाकुर की बृहस्पतिवार को मौत के बाद शुक्रवार सुबह पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजन ने शव का अंतिम संस्कार किया। मृतक की पत्नी शिवा का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पत्नी शिवा ने न्याय की गुहार लगाते हुए कहा है कि वह अपने पति की मौत का बदला कानून के रास्ते लेंगी। इस दुखद घटना के बाद पुलिस अब मामले की प्राथमिकी में हत्या की धारा की वृद्धि करने जा रही है।
मृतक जितेंद्र उर्फ सनी ठाकुर निवासी द्वारिकापुरी, उत्तर की कोटला चुंगी चौराहा पर इंटरनेट व सीसीटीवी सर्विस की दुकान है। बीते 6 अक्तूबर की रात पीके इंटर कॉलेज के संचालक ऋषभ तेलंग ने अपनी पत्नी शिप्रा तेलंग को इसी दुकान में जितेंद्र उर्फ सनी ठाकुर के साथ देख लिया था। ऋषभ और सनी के बीच विवाद भी हो गया था। इस पर ऋषभ ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। सनी के सीने व शरीर में गोलियां लगी थीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे आगरा रेफर किया गया था, जहां निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। अत्यधिक आंतरिक रक्तस्राव और लिवर में गंभीर क्षति और संक्रमण के कारण सनी की हालत में सुधार नहीं हो सका और अंततः उसकी सांसें थम गईं।
आरोपी ऋषभ तेलंग की शादी करीब 14 वर्ष पूर्व शिप्रा के साथ हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। सनी ठाकुर, ऋषभ के कॉलेज के भी तकनीकी कार्य देखता था, जिसके चलते उसके संबंध कॉलेज संचालक की पत्नी से हो गए थे। घटना वाले दिन ऋषभ अपनी पत्नी को ढूंढते हुए सनी की दुकान शिवा इंटरनेट सर्विस पर पहुंचा था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पूर्व में दर्ज प्राथमिकी में हत्या की धारा की बढ़ोतरी की जा रही है। शव का अंतिम संस्कार शांतिपूर्ण तरीके से हुआ।
- संतोष कुमार सिंह, सीओ सिटी