खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते मुख्य अतिथि।
स्वर्गीय सुखरानी भटनागर की स्मृति में एसआरके डिग्री कालेज के खेल मैदान पर अंडर-17 स्कूल टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मैच किड्स कार्नर स्कूल एवं सेंट जोंस के मध्य खेला गया। मुकाबले रोमांचक खेले गए।
टास जीतकर किड्स एकादश ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। किड्स एकादश 20 ओवरों में आल आउट होकर 158 रन बनाए। इसमें सर्वाधिक रन कप्तान वरुण विक्रम सिंह ने 46 गेंद में 70 रन बनाए। सेंट जोंस के गेंदबाज प्रयांस ने तीन, सचिन और प्रियांशु ने दो-दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट जोंस स्कूल की टीम मात्र 76 रन पर आउट हो गई। इसमें सर्वाधिक रन प्रियांसु ने बनाए। इस तरह किड्स स्कूल ने मुकाबला 82 रनों से जीत लिया। मैन आफ द मैच किड्स के कप्तान वरुण विक्रम सिंह को दिया। दूसरा मैच आईवे इंटरनेशनल स्कूल व सर बिलाल कान्वेंट स्कूल जूनियर के मध्य खेला गया। इसमें पहले बल्लेबाजी करते हुए आइवे इंटरनेशनल 226 रन बनाए। मोहित ने नाबाद शतक जड़ा। 32 रन राज, कमल ने 22 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सर बिलाल की टीम 107 रनों पर ही आउट हो गई। आईवे टीम के गेंदबाज काव्य, उज्वल, आनंदराज ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, कमलमुनि ने तीन विकेट झटके। मैच का उद्घाटन डीसीए के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने गेंद खेलकर किया। वहीं, डा. जीके अग्रवाल ने स्वर्गीय सुखरानी भटनागर के चित्र पर दीप प्रज्वलन किया। इस अवसर पर पूर्व प्राचार्य रामनाथ सुमन, केशव लहरी, अमित गुप्ता, कन्हैयालाल टंडन, विकास पालीवाल, मुकुल भटनागर, शिवकांत शर्मा, प्रशांत गर्ग, असलम भोला, अफजाल अंसारी मौजूद रहे।