फरिहा में बच्चों को उठाने की कोशिश करने वाले युवक भीड़ ने पकड़ लिए।
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद/फरिहा। बच्चों को उठाकर ले जाने वाले गिरोह के शक में जिले मे कई स्थानों पर मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं। थाना रामगढ़, फरिहा व राजा का ताल चौकी पर पांच युवकों को मारपीट के बाद पुलिस के हवाले किया है। इधर, पुलिस बच्चों को उठाने वाली घटनाओं को अफवाह बता रही है।
फरिहा के सूरजपुरा निवासी नीम (छह) पुत्र दिनेश चंद्र घर से चाऊमीन लेने गया था। उसे दो युवकों ने साइकिल दिलाने के बहाने फिरोजाबाद वाली बस में बैठा लिया। एक दुकानदारों ने यह देखा तो बच्चे के परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने बस का पीछा किया और भूतेश्वर के पास बस रुकवाई और उन्हें उतार लिया।
इसके बाद युवकों की पिटाई लगानी शुरू कर दी। सूचना पर कोटला चौकी व फरिहा थाना पुलिस पहुंच गई और दोनों को थाने ले आई। वहां जुटी गुस्साई भीड़ दोनों को थाने से बाहर निकालने की बात कह रही थी। एसएचओ ने किसी तरह मामला संभाला। दिनेश की पत्नी जीनत देवी की तहरीर पर पंकज पुत्र रामरतन, नीरज पुत्र पन्नालाल निवासी सैलई रामगढ़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
रामगढ़ के सैलई क्षेत्र में स्कूल से घर लौटती छात्रा को पकड़ने का आरोप लगाते हुए एक युवक की पिटाई कर दी। उसे रामगढ़ पुलिस को भी सौंप दिया। रामगढ़ एसएचओ प्रमोद मलिक ने कहा फर्जी ही आरोप लगा रहे थे। जिसे लाए वह शराबी था।
टूंडला के नगला गोला के पास तीन युवकों को पकड़कर ग्रामीणों ने पुलिस को सौंप दिया। आरोप है कि ये युवक खेतों की ही ओर से बच्चों को पकड़ने आए थे। थाना पुलिस ने कहा कि गलतफहमी के कारण ऐसी हरकत कर रहे हैं।
बच्चों को पकड़ने की अफवाहें उड़ाई जा रहीं है। ऐसा कोई भी मामला संज्ञान में नहीं आया है। अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। यदि किसी ने अफवाह फैलाने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गुप्तचर विभाग की टीमें सक्रिय कर दीं हैं।
- प्रबल प्रताप सिंह एसपी सिटी फिरोजाबाद।