फिरोजाबाद। माध्यमिक विद्यालयों की मंडलीय खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन तिलक इंटर कॉलेज के मैदान में किया गया। अंडर 19 बालक वर्ग में फिरोजाबाद ने मथुरा को हराया। जबकि बालिका वर्ग में मथुरा ने फिरोजाबाद को हराकर जीत दर्ज की। मुख्यअतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक ने खेल का शुभारंभ करते हुए मंडल के सभी जनपदों से आए खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। अंडर 19 सीनियर बालक वर्ग में फाइनल मुकाबला मथुरा एवं फिरोजाबाद के बीच में हुआ। इसमें फिरोजाबाद विजेता तथा मथुरा उप विजेता रहा। अन्य सभी वर्ग में भी फाइनल मैच में मैदान में फिरोजाबाद तथा मथुरा की टीमें ही दिखाई दीं। आगरा एवं मैनपुरी की टीमें पहले ही दौर में बाहर हो गईं।
फाइनल मुकाबलों में भी फिरोजाबाद के खिलाड़ी भारी पड़े। अंडर 19 सीनियर बालिका में विजेता का खिताब मथुरा की टीम ने फिरोजाबाद से छीना तथा फिरोजाबाद के खिलाड़ियों को उप विजेता से संतोष करना पड़ा। वहीं अंडर-14 बालक एवं बालिका वर्ग में फिरोजाबाद की टीम विजेता रही तथा मथुरा उप विजेता रहा। इस दौरान राज्य स्तर पर खेलने जाने वाली टीमों का चयन किया गया। इस अवसर पर डीआईओएस निशा अस्थाना ने कहा कि खेल में हार-जीत तो होती रहती है, लेकिन हमें खेल भावना से खेलों को खेलना चाहिए। स्कूल प्रबंधिका रूपिका शर्मा ने भी खिलाड़ियों का हौंसला बढ़ाया।
संचालन पंकज भारद्वाज एवं आभार व्यक्त प्रधानाचार्य राकेश कुमार अग्रवाल ने किया। निर्णायक मंडल में रामकेश यादव, गोविंद सिंह, कुमकुम गुप्ता, तनवी गुप्ता, सुनीता चौधरी, संतोष सिंह, प्रमेंद्र मिश्रा एवं विनोद कुमार शामिल रहे। इस दौरान माध्यमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष उमेश चंद्र यादव, अशोक अनुरागी, डॉ. सोनम सेठ, सुनीता चौधरी, कुमकुम गुप्ता, तनवी गुप्ता, अजय कुमार सिंह, कौशल सिंह, उदय पाल आदि शामिल रहे।