जसराना। भतीजे और अन्य साथियों के साथ सोरों से कांवड़ लेकर बटेश्वर तक आ रहे तीन कांवड़ यात्री बाइक फिसलने से घायल हो गए। घायलों को साथी उपचार के लिए जसराना सीएचसी लेकर आए। जहां हालत गंभीर होने पर घायलों को रेफर कर दिया। सरकारी ट्रामा सेंटर में एक को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर थाना जसराना पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के साथ ही शव को परिजन को सौंप दिया। वहीं घायलों का उपचार चल रहा है। परिवार में चीख पुकार मची हुई है।गांव चौरंगाहार थाना बाह जनपद आगरा निवासी शेर सिंह (42) अपने भतीजे विजेंद्र के साथ कांवड़ लेने सोरों गए थे। कांवड़ लेकर बटेश्वर तक आना था। रात में बाइक से दिनेश सविता (28) एवं अनुज कुमार (18) के साथ लौट रहे थे। इसी दौरान जनपद एटा क्षेत्र में एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर मौजूद गांव गंगनपुर के पास बाइक फिसल गई। बाइक फिसलने से बाइक सवार तीनों लोग घायल हो गए। हादसा होने पर जहां साथियों में चीख पुकार मच गई। वहीं मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। आनन-फानन में साथी उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थय केंद्र जसराना लेकर पहुंचे। जहां हालत गंभीर होने पर तीनों को रेफर कर दिया।
साथी गंभीर हालत में ट्रामा सेटर फिरोजाबाद लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने शेर सिंह को मृत घोषित कर दिया। शेर सिंह को मृत घोषित करने पर जहां साथियों में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं सूचना पर पहुंचे परिजन में कोहराम मच गया। जानकारी मिली तो थाना जसराना पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया। घायलों को उपचार शिकोहाबाद एवं फिरोजाबाद में चल रहा है।
-
रात में जनपद एटा के गंगनपुर पर बाइक फिसलने से एक कांवड़िया कि मौत होने के साथ दो घायल हुए हैं। साथी कांवड़िया शव को जसराना ले आए तो शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया। घटना एटा जनपद की है।
-अनिवेश कुमार सिंह, सीओ जसराना