जसराना- जसराना में बंद किए गए मां कामाख्या के पट
- फोटो : FIROZABAD
जसराना। कस्बा जसराना के मां कामाख्या धाम में मौजूद मां कामाख्या गर्भगृह के पट तीन दिन के लिए बंद कर दिए गए हैं। वर्षों से मनाए जा रहे अंबुबाची महोत्सव के दौरान पहली बार भक्तों को मां के दर्शन नहीं हुए। मां कामाख्या धाम में पिछले 34 वर्षों से अंबुबाची महोत्सव का आयोजन किया जाता रहा है।
सोमवार को मंगला आरती के बाद मां का श्रृंगार उतारकर सफेद कपडों से श्रृंगार किया। बाद में मां के गर्भगृह पट बंद कर दिए गए। मां के गर्भगृह के पट तीन दिन बाद 25 जून को मंगला आरती के समय खोले जाएंगे। कोरोना महामारी के कारण पट बंद होने पर आम भक्तों को दर्शन नहीं कराए गए। पूरी प्रक्रिया आश्रम में मौजूद पुजारियों ने ही संपन्न की।
25 जून को पट खुलने पर भी आम भक्तों को दर्शन नहीं होंगे। मां कामाख्या धाम के पीठाधीश महेश स्वरुप ब्रहमचारी ने कहा अंबुबाची महोत्सव के दौरान सादगी से मां के पट बंद किए गए हैं। कोरोना महामारी के कारण 25 जून को पट खुलने पर भक्तों को दर्शन नहीं होंगे। उन्होंने आम भक्तों से संयम बनाए रखने की अपील की है।