फिरोजाबाद। अब निरक्षरों को साक्षर करने की जिम्मेदारी परिषदीय स्कूलों के छात्र-छात्राओं पर होगी। कक्षा छह से आठवीं तक के प्रत्येक छात्र-छात्राएं किसी एक निरीक्षर को साक्षर बनाएंगे। इस संबंध में बेसिक शिक्षा निदेशक द्वारा निरक्षर से साक्षर बने लोगों की सूची मांगी गई है।
जूनियर स्कूलों में हर बच्चे को एक निरक्षर व्यक्ति को साक्षर करने की शपथ लेनी होगी। बेसिक शिक्षा विभाग के निदेशक सर्वेन्द्र विक्रम बहादुर सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। कार्यक्रम में बच्चों को शपथ दिलाई जाएगी कि वह अपने आसपास या परिवार के किसी निरक्षर व्यक्ति को साक्षर करेंगे। इस शपथ के क्रियान्वयन के लिए प्रधानाचार्य जिम्मेदारी निभाएंगे और निरक्षर व्यक्ति का चुनाव करेंगे। निरक्षर व्यक्ति और उसे साक्षर करने वाले बच्चों के नामों की सूची बनाकर स्कूल के सूचना पट्ट पर लगाई जाएगी।
क्या कहते हैं अधिकारी
जूनियर स्कूल के प्रत्येक विद्यार्थी पर एक निरीक्षर को साक्षर करने की जिम्मेदारी है। ताकि समाज में साक्षरता की दर बढ़े। ऐसा शासन से आदेश आया है। जनपद में पूरी तरह से आदेश का पालन कराया जाएगा। - डॉ. अरविंद पाठक, बीएसए।