- आईएसओ एवं आईएसआई की तरह स्वास्थ्य सुविधाओं का ट्रेडमार्क है एनएबीएच
- मानव संसाधन और सफाई व्यवस्था सुविधाएं की जा रही हैं पूर्ण
मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान कर जिला अस्पताल देश की सर्वोच्च संस्था एनएबीएच (नेशनल एक्रेडेशन बार्ड फॉर हॉस्पिटल) का सर्टिफिकेट लेने की दौड़ में शामिल हो गया है। एनएबीएच के लिए निर्धारित मापदंडों के अनुपालन में व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इसके लिए साफ-सफाई से लेकर चिकित्सक एवं नर्सिंग स्टाफ को भी बढ़ाया जाएगा। इस मानक के बाद अस्पताल में सुविधाएं प्राइवेट नर्सिंग होम से बेहतर होंगी।
आईएसआई एवं आईएसओ ट्रेडमार्क की भांति स्वास्थ्य विभाग में गुणवत्ता पूर्ण सुविधाएं देने के लिए एनएबीएच सर्टिफिकेट प्रदान किया जाता है। जिला अस्पताल में इसकी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती जल्द की जाएगी। 30 नर्सेज स्टाफ (टीएलएम) को तैनाती प्रदान की गई है। आधुनिक उपकरण भी जल्द आएंगे। बेहतर सुविधाएं देने के लिए जिला अस्पताल में मैनेजर तैनात किया गया है। गार्डन भी आधुनिक बनाया जाएगा। अस्पताल में साज-सज्जा भी कराई जा रही है।
सफाई व्यवस्था हुई संस्था के हवाले
सफाई व्यवस्था में कमी नहीं रखने के लिए लखनऊ की सन फैसेलिटी संस्था को जिम्मा सौंपा गया है। संस्था की ओर से सफाई कर्मी तैनात किए गए हैं, जो 24 घंटे अस्पताल में रहेंगे। खामियां मिलने पर संस्था के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
एनएएचबी सर्टिफिकेट के लिए यह होते हैं मानक
नियमों में अस्पताल के साधन-संसाधन, रोगियों का उपचार उनकी सुरक्षा की सुविधाएं, संक्रमण मुक्त वातावरण, उपचार के लिए निर्धारित प्रक्रियाएं, अस्पताल में सेवारत चिकित्सकों, नर्सिंग अन्य स्टाफ की पात्रता एवं दक्षता, अस्पताल की आधारभूत सुविधाओं की वैधानिकता, अस्पताल से संबंधित सभी सरकारी नियम एवं कायदे कानूनों की पालना आदि तथ्यों एवं तत्वों को गहराई से जांचा-परखा जाता है। क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया की ओर से निर्धारित मानदंडों की पूरी करने एवं मरीजों की सुरक्षा उपचार मुहैया कराने की कसौटी पर खरा उतरने के बाद ही एनएएचबी का मानक दिया जाता है।
शासन से आई टीम, परखी व्यवस्थाएं
यूपीएचएसएसपी (उत्तर प्रदेश हेल्थ सिस्टम स्ट्रेटिम प्रोजेक्ट) के दल ने शनिवार को अस्पताल की व्यवस्थाएं देखीं। भरोसेमंद सुविधाएं देने के लिए लैब, दवा स्टोर में अव्यवस्थाओं को सुधार के निर्देश दिए। प्रदेश सलाहकार इस्तेखार अहमद खान और इरशाद अहमद ने इंतजाम और बेहतर बनाने के लिए स्टाफ को ट्रेनिंग कराई।
एनएचबीए के मानक के लिए फीरोजाबाद जिला अस्पताल में सुविधाएं सुधारी जा रही हैं। टीम लगातार भ्रमण कर रही है। यह स्वास्थ्य विभाग में अच्छी सुविधाएं देने का ट्रेड मार्क है।
डॉ. पुष्कर आनंद, सीएमओ