फिरोजाबाद। बुधवार को सुबह हुई झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी से तो राहत दे दी लेकिन जलभराव आफत बन गया। शहर का मुख्य मार्ग, सर्विस रोड के साथ-साथ गलियों तक में पानी भर गया। मेडिकल कॉलेज का रास्ता तलैया बना नजर आया। हाईवे पर भी जलभराव की स्थिति रही। पूरे दिन घटाएं घिरी रहीं और रुक-रुक कर बारिश होती रही। मौसम के बदले मिजाज का असर त्योहार के बाजार पर भी पड़ा। बाजार देर से खुले।
यूं तो रिमझिम बारिश तड़के चार बजे से शुरू हो गई थी, लेकिन सुबह सवा सात बजे तेज गति से बारिश शुरू हुई। करीब एक घंटे झमाझम बारिश हुई। एक घंटे बाद काफी देर तक रिमझिम बारिश होती रही। बारिश थम जाने के बाद भी घटाएं घिरी रहीं और धूप नहीं निकली। झमाझम बारिश से शहर में चारों तरफ जलभराव की स्थिति थी। कोई मार्ग ऐसा नहीं था जहां बारिश का पानी न भरा हो।
मेडिकल कॉलेज परिसर में जलभराव
मेडिकल कॉलेज परिसर में जलभराव की गंभीर स्थिति रही। वार्डों की तरफ जाने वाले रास्ते पर पानी भरा रहा। ट्रॉमा सेंटर और कोविड हॉस्पिटल जाने वाले रास्ते पर भी पानी भरा नजर आया। यहां रास्ता कच्चा होने से दलदल जैसी स्थिति रही। सरकारी ट्रॉमा सेंटर आने वाले मरीज और तीमारदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मजबूरी में मरीज और तीमारदार रास्ते में भरे पानी से होकर चिकित्सकों तक जाने को मजबूर दिखे। कर्मचारियों के सरकारी आवासों की ओर जाने वाला रास्ता भी पानी में डूब गया।
सर्विस रोड पर भरा पानी, लोग रहे परेशान
एसपी सिटी आफिस से सुभाष तिराहे तक सर्विस रोड पर बारिश का पानी भर गया। इस पर कई प्रमुख चिकित्सक, पैथलॉजी और मेडिकल स्टोर हैं। इन पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में मरीज और तीमारदार आते हैं। जलभराव से मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जलनिकासी का रास्ता न होने के कारण सर्विस रोड पर दोपहर दो बजे तक पानी भरा रहा। सर्विस रोड से निकलने वाले लोग व्यवस्थाओं को कोस रहे थे।
इन क्षेत्रों में भरा बारिश का पानी
जलकल विभाग, बस स्टैंड के सामने, गांधी पार्क, एसआरके पीजी कॉलेज के सामने, नगला बरी चौराहा से हाजीपुरा और रामगढ़ थाने की ओर जाने वाला मार्ग, जाटवपुरी चौराहा, कोहिनूर रोड, करबला, नई बस्ती, तिलक नगर, बोधाश्रम रोड, आनंद नगर, रामलीला रोड, नगला भाऊ सर्विस रोड आदि पर भी जलभराव रहा।