फिरोजाबाद। सुहागनगरी में चल रहे ऐतिहासिक जैन मेला में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। सुबह समवशरण विधान में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से भाग लिया। वहीं, रात्रि में भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते नजर आए। जयकारों से मंदिर परिसर गुंजायमान रहा।
सर्वप्रथम मंत्रोच्चारण से श्रीजी का अभिषेक एवं शांतिधारा की गई। मुनि वसुनंदी महाराज ससंघ के सानिध्य में पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर धर्म लाभ लिया। प्रवचन में समवशरण का महत्व बताते हुए आचार्य वसुनंदी महाराज ने कहा कि चौथे काल में 24 तीर्थंकर होते हैं। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में पहली बार 25 समवशरण विधान का आयोजन हो रहा है।
दोपहर में युवा सम्मेलन एवं अल्पसंख्यक गोष्ठी, शाम को मेला प्रांगण में प्रभु की महाआरती के बाद शास्त्र सभा का आयोजन किया गया। रात में आयोजित सुर विद्या भजन संध्या में श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमे। कार्यक्रम में मेला समिति के अध्यक्ष निमिष जैन, शैलेंद्र जैन, सुनील जैन, रोहित जैन, अजय जैन, ललितेश जैन, वीरेंद्र जैन, विजय जैन, सुरेंद्र कुमार आदि उपस्थित रहे।
आज निकलेगी शोभायात्रा
29 दिसंबर को शोभायात्रा आचार्य वसुनंदी महाराज के सानिध्य में श्री छदामीलाल दिगंबर जैन मंदिर से निकाली जाएगी। बैंडबाजे और गाजे-बाजों के साथ विभिन्न मार्गों से होती हुई मेला प्रांगण पर संपन्न होगी। उद्घाटन राज्यसभा सांसद राष्ट्रीय महामंत्री अनिल कुमार जैन हरी झंडी दिखाकर करेंगे।