फिरोजाबाद। जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद पर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह के पुत्र अतुल प्रताप सिंह का निर्विरोध चुनना तय हो गया है। क्यों कि अधिकांश डायरेक्टर के पद पर मंत्री के करीबी ही निर्विरोध चुने गए हैं। शुक्रवार को अतुल प्रताप सिंह भाजपा प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
सहकारिता चुनाव में 18 जून को जिले में 14 डायरेक्टर पदों के लिए इतने ही नामांकन आने के कारण सभी का निर्विरोध चुनना तय हो गया था। इस चुनाव में जिले में विपक्षी दल सपा की कोई गतिविधि दिखाई नहीं दी। यही कारण रहा सहकारिता चुनाव में प्रदेश सरकार के पर्यटन व सांस्कृतिक मंत्री जयवीर सिंह का पलड़ा इस बार भी भारी रहा। क्यों कि 18 जून को भाजपा की ओर से सहकारिता चुनाव प्रभारी बनाए गए एमएलसी आशीष यादव आशू की मौजूदगी में वार्ड एक से कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह की पत्नी रीता सिंह, दो से उनके पुत्र एवं निवर्तमान अध्यक्ष अतुल प्रताप सिंह, तीन से प्रमोद कुमार, चार से पूर्व ब्लॉक प्रमुख डाॅ. रामपाल सिंह, पांच से देवेंद्रपाल सिंह, छह से शैलेंद्र प्रताप सिंह, सात से सरोज देवी, आठ से दो पदों के लिए कैबिनेट मंत्री जयवीर के दूसरे पुत्र सुमित प्रताप सिंह, शशीप्रभा यादव, नौ से 3 पदों के लिए पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं कैबिनेट मंत्री जयवीर की पुत्रवधू अमृता सिंह, बृजेश सिंह, राहुल यादव एडवोकेट, दस से सुजाता सिंह, ग्यारह से कृष्णकांत सिंह चुने गए थे।
सभी के निर्विरोध निर्वाचित हो जाने के बाद 23 जून को 11 बजे जिला सहकारी बैंक प्रांगण दबरई पर तो कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह के पुत्र अतुल प्रताप सिंह अपना नामांकन दाखिल करने को पहुंचेंगे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह मौजूद रहेंगे। जयवीर सिंह का सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद पर पिछले काफी दिनों से दबदबा कायम है। पहले वह खुद अध्यक्ष रहे इसके बाद उनकी पत्नी रीता सिंह तथा अब बेटा अतुल प्रताप सिंह दूसरी बार अध्यक्ष पद की कमान संभालेंगे।
-
पर्यटन मंत्री कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल
फिरोजाबाद। प्रदेश के पर्यटन एवं सांस्कृति मंत्री जयवीर सिंह 23 जून को 11 बजे जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद के लिए भाजपा प्रत्याशी अतुल प्रताप सिंह के नामांकन कार्यक्रम में शामिल होंगे। फरिहा नगर पंचायत में विवेक चौहान एडवोकेट के निवास पर पहुंचेंगे। दोपहर 1.45 बजे बांके बिहारी मैरिज होम असन चौराहा जलेसर रोड पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रद्युम्न पाल सिंह की पुत्री के विवाह समारोह में शामिल होंगे। दोपहर ढाई बजे वंदना गार्डन इटावा रोड सिरसागंज पर शिशुपाल सिंह जादौन के पुत्र व 2.50 बजे क्षत्रिय धर्मशाला सिरसागंज में विपिन सेंगर की पुत्री के विवाह कार्यक्रम में शामिल होंगे। 3.10 बजे इंद्र वाटिका अरांव रोड सिरसागंज पर जितेंद्र सिंह जादौन की पुत्री एवं श्रीकृष्ण के पुत्र के विवाह में शामिल होकर सिरसागंज आवास पर पहुंचेंगे। 24 जून को मैनपुरी जाएंगे। (संवाद)