ओएफसी केबिल कटने के कारण तीसरे दिन भी जिले में ब्रॉडबेंड सेवा बाधित रही। नेट कनेक्टिविटी नहीं होने के कारण बैंकों पर ताले लटके रहे। धन निकासी और जमा करने आए उपभोक्ताओं को गेट से ही बैरंग लौटना पड़ा। वहीं सरकारी और प्राइवेट कार्यालयों में कामकाज बाधित रहा।
ब्रॉडबेंड सेवा शनिवार से प्रभावित है। शनिवार रात आगरा-टूंडला के बीच तथा जसराना के निकट ओएफसी केबिल कट गई। ऐसे में रविवार को भी ब्रॉडबैंड सेवा पूरी तरह ठप रही। कर्मचारी दिन भर केबिल जोड़ने में लगे रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली। सोमवार को भी ब्रॉडबेंड सेवा बहाल नहीं हो सकी। इंटरनेट न आने के कारण बैंक के बाहर नेट कनेक्टिविटी न होने से संबंधित नोटिस चस्पा कर दिए गए। बैंक पहुंचने वाले उपभोक्ताओं को बैरंग लौटना पड़ा। सरकारी, प्राइवेट कार्यालयों में भी कामकाज प्रभावित रहा। इधर, टूंडला और जसराना में कटी केबिल जोड़ने को दिनभर कर्मचारी लगे रहे। सोमवार दोपहर के बाद केबिल जोड़ने का कार्य पूर्ण हो सका। इस संबंध में मंडल अभियंता हरदम सिंह ने बताया कि दोनों स्थानों पर केबिल जोड़ने का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। जल्द ही ब्रॉडबैंड सेवा बहाल हो जाएगी।