शिकोहाबाद। लॉकडाउन में कुछ लोग अफवाह फैला कर लोगों को सड़क पर लाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसी ही एक अफवाह सुबह पालीवाल इंटर कॉलेज के सामने रहने वाले लोहपीटा समाज के लोगों में फैल गई। जिसकी सच्चाई जानने के लिए एसडीएम तहसील प्रशासन के साथ निकले और जरूरतमंदों से भोजन की समस्या के बारे में जानकारी ली। एक झोंपड़ी में देखा तो उसमें लगभग 20 दिन का खाद्य सामान आटा, चावल, तेल, मसाले आदि रखा मिला।
लॉकडाउन के दिन से ही नगर की समाजसेवी संस्थाएं जरूरतमंदों को भोजन और राशन पहुंचाने का कार्य कर रहीं हैं। जिनमें ठाकुर जी की रसोई, कल्पतरू ट्रस्ट, रोटी बैंक, जयगुरुदेव संस्था, राधा स्वामी सत्संग और युवा शक्ति फाउंडेशन शामिल हैं। इन संस्था सदस्यों के साथ एसडीएम ने मीटिंग की और उन्हें क्षेत्र बांट दिए।अफवाह पर सच्चाई जानने के लिए एसडीएम नरेंद्र सिंह, तहसीलदार सत्यप्रकाश, नायब तहसीलदार अवनीश कुमार तहसील स्टाफ के साथ पहुंचे।
यहां लोहपीटा समाज के लोगों से संबंधित समस्या के बारे में पूछा और वीडियो बनवाई। सभी लोगों ने भोजन से संबंधित समस्या से इनकार किया। इस पर एक महिला की झोंपड़ी में देखा तो उसके पास लगभग 20 दिन की खाद्य सामग्री मिली। लोहपीटा समाज के लोगों ने कहा कि उन्हें राशन व भोजन भरपूर मात्रा में मिल रहा है।
एसडीएम नरेंद्र सिंह ने कहा कि जो लोग लॉकडाउन में इस तरह की अफवाह फैला रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास राशनकार्ड है वह राशन की दुकान से अपना राशन ले सकते हैं और जिन के पास नहीं है, वह तहसील से अपना आधार कार्ड दिखा कर खाद्य सामग्री की किट प्राप्त कर सकते हैं।