फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Firozabad News: चुनाव बहिष्कार की आती रहीं सूचनाएं, दौड़ते रहे अफसर

Wed, 08 May 2024 02:35 AM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फिरोजाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
फिरोजाबाद। लोकसभा चुनाव में एक ओर जहां मतदाताओं ने बढ़ चढ़कर मतदान किया, वहीं कई जगहों से मतदान बहिष्कार की सूचनाएं अफसरों को मिलती रहीं। ऐसे मतदान केंद्रों पर एसडीएम, तहसीलदार के साथ ही बीडीओ के साथ जनप्रतिनिधि तक बूथ पर पहुंचे। उन्होंने मतदान के लिए समझाया तो अधिकांश ग्रामीण वोट डालने के लिए तैयार हो गए। कुछ स्थानों पर वोट नहीं डालने के कारण दिक्कत हुई।
विज्ञापन

मंगलवार को टूंडला विधानसभा क्षेत्र के गांव नगला महादेव के बूथ संख्या 434 पर सुबह से सन्नाटा पसरा रहा। बघेल समाज बाहुल्य इस गांव के ग्रामीण अपने खेतों पर जाने के लिए रेलवे लाइन पर अंडरपास की मांग कर रहे थे। सुबह से कोई वोट डालने को नहीं पहुंचा। पीठासीन अधिकारी की सूचना पर एसडीएम शिवध्यान पांडेय व सीओ अनिवेश कुमार गांव पहुंचे उन्होंने ग्रामीणों को समझाया, लेकिन वह नहीं माने। सुबह 10:30 बजे विधायक प्रेमपाल सिंह धनगर गांव पहुंचे। उनके आश्वासन पर ग्रामीण मान गए। इसके बाद मतदान शुरू हुआ।
नगला ईश्वरी बूथ संख्या 115 में कच्चे मार्ग पक्का व खड़ंजे वाली सड़क का डामरीकरण न होने से नाराज थे। लोधे बाहुल्य इस गांव के लोगों ने गांव में दीवारों पर जगह-जगह सड़क नहीं तो वोट नहीं आदि स्लोगन लिखे थे। वहीं चुनाव बहिष्कार के बैनर गांव में लगाए थे। यहां भी विधायक प्रेमपाल धनगर ने उन्हें समझाया। दोपहर 12:30 बजे रजावली थानाध्यक्ष उमेश शर्मा के समझाने के बाद उन्होंने वोट डाले। घिरौली के मजरा नगला प्रेम बूथ संख्या 82 का मतदान केंद्र गांव से डेढ़ किलोमीटर दूर बनाने पर ग्रामीणों ने चुनाव का बहिष्कार कर दिया। ब्राह्मण समाज के इस गांव में उन्हें समझाने विधायक प्रेमपाल सिंह धनगर व समाज के नेता पहुंचे। उन्होंने किसी की नहीं मानी। तहसीलदार निशा श्रीवास्तव पहुंची तथा उन्होंने एक प्रार्थना पत्र लिखवाते हुए अगले चुनाव में उनके गांव में बूथ कराए जाने का आश्वासन दिया, लेकिन वह नहीं माने। इस बीच कुछ ग्रामीणों ने वोट डाल दिए। अधिकांश ने बहिष्कार ही रखा।
विज्ञापन

पचवान के बूथ संख्या 169 व 170 पर समस्याओं को लेकर सुबह मतदान का बहिष्कार रखा। इसमें कांशीराम आवासीय काॅलोनी के वोटर थे। इधर शिकोहाबाद विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 365 नगला जवाहर में रेलवे अंडरपास नहीं बनाने की मांग लेकर मतदान का बहिष्कार कर दिया। एसडीएम आदेश सिंह सागर ने बाद में मतदान किया। इसके साथ नीम खेरिया के बूथ 359 में अंडरपास को लेकर काम लेकर मतदान का बहिष्कार किया। जसराना विधानसभा क्षेत्र के नगला मानसिंह के ग्रामीणों ने सड़क की मांग को लेकर मतदान के बहिष्कार का एलान किया था। मतदान शुरु हुआ तो मतदान केंद्र पर नगला भिटी के लोग पहुंचे, लेकिन नगला मानसिंह के लोगों ने वोट नहीं डाले।
ब्लाॅक प्रमुख संध्या लोधी पहुंची और ग्रामीणों से बात कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। साफ कहा कि आचार संहिता खत्म होने के साथ सड़क बनवाई जाएगी। ब्लाॅक प्रमुख के समझाने पर ग्रामीण मान गए। इससे पहले पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अवनीश गुप्ता ने ग्रामीणों को समझाया था। नगला मानसिंह के प्राथमिक विद्यालय के बूथ पर में बने बूथ संख्या 364 पर 780 मतदाता है।
इधर सिरसागंज विधानसभा के नगला बुधुआ के बूथ संख्या 219 के मतदाताओं ने सड़क का निर्माण नहीं कराए जाने से नाराज थे। वह वोट डालने को बूथ पर नहीं गए। मतदान का बहिष्कार कर दिया। ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण मानने को तैयार नहीं थे। बूथ पर 525 वोटर में सिर्फ 15 वोट ही डाले गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें