फिरोजाबाद। पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों के चलते ट्रांसपोर्टरों ने भाड़ा बढ़ाना शुरू कर दिया है। इसका असर सीधे आमजन पर पड़ रहा है। बाजार में लोग खरीददारी करने के लिए जा रहे हैं तो हर सामान में एक से दो रुपये तक बढ़ोत्तरी हो गई है। अरहर की दाल 94 से सौ रुपये तक पहुंच गई। उड़द की दाल 105 से 110 रुपये प्रति किलोग्राम, चावल 28 से 32 एवं अच्छी क्वालिटी के 90 से 95 रुपया प्रति किलोग्राम तक पहुंच गए। चीनी 35 से 37 रुपया प्रति किलोग्राम हो गई है। इसके साथ हल्दी, मिर्च, गरम मसाला सहित अन्य सामान की कीमतों में दो से तीन रूपये प्रति किलोग्राम तक बढ़ोत्तरी हुई है।
-आलोक कुमार मित्तल कहते हैं कि पेट्रोल एवं डीजल की बढ़ी कीमतों का असर हर सामान पर पड़ा है। हर वस्तु दो से तीन रुपये तक महंगी हो गई है क्योंकि ट्रांसपोर्टरों ने 50 रुपये के स्थान पर 70 रुपये प्रति क्विंटल तक भाड़ा लेने लगे हैं।
- पंकज कुमार गुप्ता कहते हैं कि महंगाई का तड़का बाजार में लगा है। क्योंकि पेट्रोल एवं डीजल की आसमान छू रही कीमतों के कारण बाजार महंगाई की ओर बढ़ रहा है। बदलते समय में इस पर अंकुश लगाने की जरूरत है।
- सुहागनगर निवासी आकांक्षा गुप्ता कहती हैं कि पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने से बाजार में हर चीज महंगी हो गई। इसपर अंकुश लगाने की जरूरत है। बाजार में सब्जियों के भाव आसमान छूने लगे हैं।
- काजल वार्ष्णेय ने कहा कि पेट्रोल की रेट इतनी बढ़ गई कि लोग साइकिल पर चलने को मजबूर होने लगा हैं। डीजल की बढ़ी कीमतों का असर घर में प्रयोग होने वाली हर सामिग्री की कीमतें बढ़ गई हैं।
हरी सब्जियों पर भी महंगाई की मार
फिरोजाबाद। हरी सब्जियों का स्वाद बढ़ती महंगाई के चलते कसैला हो चला है। बाजार में सब्जियों के भाव दिन प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं। सब्जियों के राजा आलू आठ रुपये से बढ़कर फुटकर बाजार में 14 रुपये तक पहुंच गए हैं। लौकी, तोरई बीस रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है। 18 से बीस रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिकने वाले टमाटर के भाव एक सप्ताह में ही 25 से लेकर 30 रुपये तक जा पहुंचे हैं। 40 से 50 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिकने वाली हरी मिर्च की कीमत 80 रुपये तक पहुंच गई है। भिंडी 25 से तीस रुपये, परवल 50 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिकने लगा है। प्याज की कीमतों में बढ़ोत्तरी हो गई। प्याज बाजार में 30 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिक रही है। अरबी 20 से 25 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिक रही है। काशीफल एवं बैंगन भी बीस रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गए हैं।