उद्योगपति के घर बुधवार को दिनदहाड़े दो बदमाश घुस गए। बदमाशों ने उद्योगपति के पुत्र को तमंचे के बल पर कब्जे में ले लिया। वहां मौजूद वृद्धा ने शोरगुल किया तो उद्योगपति और उनका दूसरा पुत्र बाहर आ गया। एक बदमाश को दबोच उन्होंने घर के बाहर निकल कर शोरगुल कर दिया। इससे भीड़ जमा हो गई। लुटेरे की पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके एक अन्य साथी को भी दबोच लिया। जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।
उत्तर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मथुरा नगर निवासी राजीव जैन अपने पुत्र अनिकेत जैन और अभिषेक जैन के साथ बुधवार दोपहर को घर पर थे। तभी दो बदमाशों को मकान में घुसता देख उनके यहां खाना बनाने वाली वृद्ध महिला ने शोरगुल कर दिया। इसपर अनिकेत कमरे से बाहर निकला तो बदमाशों ने उस पर तमंचा तान दिया। राजीव जैन ने पुत्र को बदमाशों के चंगुल में देख साहस का परिचय देते हुए शोरगुल कर एक बदमाश को दबोच लिया। वहीं अभिषेक जैन ने घर से बाहर निकलकर हल्ला मचा दिया। बदमाशों की जानकारी होते ही आसपास के लोग पहुंच गए। इस बीच मौका पाकर एक लुटेरा भाग निकला। भीड़ ने दबोचे गए बदमाश की जमकर पिटाई की। सूचना पर सीओ सिटी राजेश चौधरी, कोतवाल दक्षिण श्रीप्रकाश यादव और कार्यवाहक थानाध्यक्ष उत्तर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। सीओ सिटी राजेश चौधरी का कहना है कि मौके से टिन्ना उर्फ टिंकू पुत्र मुन्नालाल निवासी कौशल्या नगर को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ के बाद दूसरे साथी सोनू शर्मा निवासी संतोषनगर थाना उत्तर को भी दबोच लिया है। उनका तीसरा साथी बंटी निवासी संतोषनगर फरार है। आरोपियों के पास से तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
थाने से भागा आरोपी
दबिश के दौरान पकड़े गए बदमाश सोनू से पुलिस पूछताछ कर ही थी, तभी टिन्ना उर्फ टिंकू पुत्र मुन्नालाल थाना उत्तर से फरार हो गया। इससे पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। बाद में उसे शास्त्री मार्केट से पकड़ लिया गया।
नशे में थे आरोपी करते बड़ी वारदात
पकड़े गए बदमाश नशे में थे। सीओ ने बताया कि यदि गृह स्वामी साहस का परिचय नहीं देते तो बड़ी वारदात हो सकती थी। यह भी जानकारी जुटाई जा रही है कि अन्य बदमाश घर के बाहर तो नहीं खड़े थे।