महिला क्रिकेट वर्ल्डकप देखते हुए खेल प्रशंसक। संवाद।
- फोटो : टूंडला में देवोत्थान पर सालिगराम व तुलसी का विवाह कराते गृहणी संवाद
फिरोजाबाद। महिला क्रिकेट वर्ल्डकप में रविवार को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए खिताबी मुकाबले में भारतीय बेटियों की शानदार बल्लेबाजी पर हर किक्रेट प्रेमी को रोमांच से भर दिया।
बेटियों ने जब दक्षिण अफ्रीका की टीम को 298 रनों का लक्ष्य दिया तो क्रिकेट प्रेमियों में जीत की उम्मीद बढ़ गई। हर दिल ने बेटियों की जीत की दुआ की। देर रात तक रोमांचक मुकाबले को देखने के लिए लोग टीवी पर निगाह टिकाए रहे। खबर लिखे जाने तक दक्षिण अफ्रीका ने 34 ओवर में 5 िवकेट खोकर 179 रन बना लिए थे और भारत की स्थिति मजबूत नजर आ रही थी।
रविवार को छुट्टी का दिन होने के चलते लोगों ने परिवार के सदस्यों के साथ भारतीय महिला बल्लेबाजों के चौके-छक्कों पर खूब तालियां बजाईं। देर रात तक सड़कों, घरों और रेस्तरां पर लोग मोबाइल और टीवी पर मैच देखते रहे। जैसे-जैसे भारतीय बल्लेबाज रन बटोरती गईं, वैसे-वैसे माहौल और भी जोश से भरता गया। कुछ स्थानों पर तो जैसे ही भारतीय बल्लेबाज ने चौका-छक्का जड़ा लोगों ने पटाखे तक फोड़े।
शानदार रही भारतीय पारी
भारतीय टीम अंडर-19 वर्ल्डकप का हिस्सा रही सोनम यादव ने कहा कि भारत की पारी शानदार रही। चौके-छक्कों ने माहौल को पूरी तरह रोमांचक बना दिया। भारतीय बल्लेबाजी में दमखम दिखा। वहीं, क्रिकेटर विकास पालीवाल ने बताया कि दोस्तों ने साथ मिलकर देर रात तक मैच देखा। महिला क्रिकेट अब अपने सुनहरे दौर में है। यह देखकर अच्छा लगता है कि देश के हर कोने में लोग बेटियों के खेल को उसी जोश से देख रहे हैं जैसे पुरुष टीम को देखते हैं। संवाद