युवा मतदाताओं के हाथ में होगी नए विधायक के चुनाव की कमान
फिरोजाबाद। जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर विधायक चुनने में युवाओं की अहम भूमिका होगी। जिले में कुल 18.47 लाख मतदाताआें में से 9.44 लाख से अधिक युवा मतदाता हैं। इनका रुझान किस तरफ रहेगा यह तो 10 मार्च को होने वाली मतगणना के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल हर राजनीतिक दल चुनावी मैदान में पूरी तैयारी के साथ उतरने की तैयारी कर रहा है।
जिला निर्वाचन कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार फिरोजाबाद विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 18 से 39 वर्ष के मतदाताओं की संख्या 2.28 लाख से अधिक, सिरसागंज में सबसे कम 1.56 लाख वोटर हैं। हालांकि युवा वोटरों को रिझाने का काम सभी दल कर रहे हैं। यह तो तय है कि जिसकी तरफ युवाओं का रुझान होगा वही विधानसभा की दहलीज तक पहुंचने में सफल हो सकेगा।
युवा वोटर विधानसभा एवं आयु वर्गवार
विधानसभा 18-19 20-29 30-39 कुल
टूंडला (सु.) 5456 85347 98769 189572
जसराना 4584 90003 91110 185697
फिरोजाबाद 6276 97350 125011 228637
शिकोहाबाद 4562 81699 97615 183876
सिरसागंज 3559 70093 82569 156221
कुल 24437 424492 495074 944003
................
मतदान जरूर करें
पहली बार मतदान करने का मौका मिल रहा है। प्रत्याशी के साथ जो दल युवाओं की हित की बात करेगा हम उसी के पक्ष में मतदान करेंगे। युवाओं से आह्वान है कि मतदान करने जरूर जाएं। -प्रखर गिंदौलिया, सुहागनगर फिरोजाबाद
सोच समझकर लेंगे फैसला
लोकतांत्रिक प्रणाली में मतदान में हिस्सा अवश्य लेंगे। प्रयास करूंगा कि युवाओं के हित में कार्ययोजना बनाने वाले को विधायक बनाकर भेजें। मतदान वाले दिन सोच समझकर फैसला लूंगा। -आलोक कुमार, सर्कुलर रोड फिरोजाबाद
एक-एक वोट है कीमती
मेरा साथी युवा मतदाताओं से आह्वान है कि 20 फरवरी को सभी काम छोड़कर मतदान अवश्य करें। एक-एक वोट कीमती है यदि चूक गए तो पांच वर्ष पछताना पड़ेगा। -शिवांगी जेगारिया, दुली चौराहा फिरोजाबाद
काम करने वाले को चुनेंगे
जनहित के काम करने वाले प्रत्याशी को वोट देने का मन है। अब देखेंगे कि कौन सा दल युवाओं के हित की बात कर रहा है। उसी के अनुरूप निर्णय लेंगे ताकि जनता के हित के काम हो सकें। -स्पर्शी गुप्ता, सुहागनगर फिरोजाबाद