जसराना। एक हजार रुपये के लेनदेन के विवाद में दो पक्षों में रविवार को जमकर लाठी डंडे चले। इसमें दोनों पक्षों से दस लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। एक महिला की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है।
गांव औरंगाबाद निवासी रमेश चंद्र का धेवता लोकेश रामपाल पक्ष के लोगों के साथ काम के सिलसिले में अहमदाबाद गया था। आरोप है कि रामपाल पक्ष के लोगों ने ठेकेदार से तो पैसे ले लिए, लेकिन लोकेश को एक हजार रुपये कम दिए। इस पर दोनों पक्षों में शनिवार शाम विवाद हुआ था। शनिवार को तो ग्रामीणों ने शांत करा दिया, लेकिन रविवार सुबह दोनों पक्ष एक बार फिर आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चलने लगे।
पुलिस गांव में पहुंची और घायलों को अस्पताल ले आई। हंगामा कर रहे तीन लोगों को भी पुलिस ने हिरासत में लेकर शांतिभंग की कार्रवाई की है। एक पक्ष से मुन्नी देवी, आशा देवी, सुषमा देवी, सोमेश, रामपाल, विक्रम और दूसरे पक्ष से रमेश, सतीश, संदीप, पवन कुमार घायल हुए हैं। गंभीर हालत होने पर महिला मुन्नी देवी को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया लेनदेन का विवाद है। घायलों का उपचार कराने के साथ ही शांतिभंग में पाबंद करने की कार्रवाई की गई है।