फिरोजाबाद। हिट एंड रन कानून के विरोध में कामार्शियल वाहनों के चालकों की ओर से की गई देश व्यापी हड़ताल का असर सुरा प्रेमियों पर दिखाई देने लगा है। सोमवार व मंगलवार को देसी व अंग्रेजी शराब के गोदामों पर शराब का उठान अधिक हुआ। क्यों कि ट्रक चालकों की हड़ताल यदि लंबी खिंची तो जिले में शराब का स्टॉक खत्म हो सकता है।
ट्रक चालकों की हड़ताल के चलते आम आदमी ने अपनी जरूरत के सामान का स्टॉक करना प्रारंभ कर दिया है। चिंता इस बात की सता रही है कि यदि हड़ताल लंबी खिंची तो फिर इसका असर सीधे घरेलू जरूरत के सामानों पर पड़ेगा। आबकारी विभाग के अनुसार हड़ताल के कारण देसी शराब के गोदाम से सोमवार एवं मंगलवार को शराब का उठान अन्य दिनों के सापेक्ष दो गुना तक हुआ। उन्होंने बताया कि देसी शराब की दस हजार से अधिक पेटी उठान हुईं। इसी के साथ ही विदेशी शराब का उठान भी पहले के सापेक्ष बढ़ा है। सर्दी का मौसम होने के कारण बीयर की डिमांड नहीं है।
दुकानदारों को चिंता इस बात की सता रही है कि यदि हड़ताल लंबी खिंची तो फिर शराब मिलना भी मुश्किल हो जाएगा। जिला आबकारी अधिकारी मनीष कुमार गुप्ता ने बताया कि ट्रक चालकों की हड़ताल के कारण पिछले दो दिनों से थोक गोदाम से देसी एवं अंग्रेजी शराब का उठान बढ़ा है। हालांकि गोदाम संचालक को औसतन ही उठान कराने के निर्देश दिए हैं।