फिरोजाबाद। थाना दक्षिण क्षेत्र के महावीर नगर स्थित श्रीजी रेस्टोरेंट में लंबे समय से चल रही संदिग्ध गतिविधियों का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बृहस्पतिवार दोपहर थाना पुलिस ने रेस्टोरेंट पर अचानक छापा मारकर दो युवकों को हिरासत में लिया है। मौके पर कई जोड़े आपत्तिजनक स्थिति में मिले।
पुलिस के अनुसार स्थानीय निवासियों की ओर से श्रीजी रेस्टोरेंट में बाहरी लोगों का जमावड़ा और संदिग्ध गतिविधियां काफी समय से चल रही थीं, जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई थी। बृहस्पतिवार को पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की, जिससे रेस्टोरेंट संचालक और स्टाफ को संभलने का मौका नहीं मिला। इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने रेस्टोरेंट का एंट्री रजिस्टर, सीसीटीवी फुटेज और अन्य दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए हैं। जांच की जा रही है कि रेस्टोरेंट के कमरों को किस आधार पर और किन लोगों को किराए पर दिया जा रहा था। हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ जारी है और संचालक पर भी कानूनी शिकंजा कसने की तैयारी है।