गैंगस्टर की संपत्ति पर कुर्की बोर्ड लगाती पुलिस। स्रोतः पुलिस
- फोटो : गैंगस्टर की संपत्ति पर कुर्की बोर्ड लगाती पुलिस। स्रोतः पुलिस
फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर और थाना रामगढ़ पुलिस ने राजस्व टीम के साथ मिलकर गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई करते हुए तीन शातिर अपराधियों की कुल 72 लाख 54 हजार 600 रुपये की अवैध चल-अचल संपत्ति को कुर्क कर जब्त कर लिया है।
सीओ सिटी प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि थाना रसूलपुर इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने थाना रामगढ़ पर दर्ज गैंगस्टर एक्ट से संबंधित दो अभियुक्त प्रदीप कुमार पालीवाल निवासी एत्मादौला, आगरा और गौरव सिंह निवासी एत्मादपुर, आगरा पर शिकंजा कसा। दोनों आरोपियों द्वारा अपराध से अर्जित रकम से एत्मादपुर, आगरा में खरीदे गए दो खाली प्लॉटों को कुर्क किया गया। इन दोनों प्लॉटों की कुल कीमत 37,62,450 रुपये आंकी गई है। इस गैंग से जुड़े चार अन्य आरोपियों की संपत्ति पहले ही जब्त की जा चुकी है।
दूसरी बड़ी कार्रवाई में थाना रामगढ़ इंस्पेक्टर संजीव कुमार दुबे ने रसूलपुर थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के शातिर अपराधी गुलबशर निवासी गली नंबर 20, कश्मीरी गेट, रामगढ़ के खिलाफ की। गोकशी और आर्म्स एक्ट के मुकदमों में नामजद गुलबशर द्वारा काली कमाई से खड़े किए गए साम्राज्य पर प्रहार करते हुए पुलिस ने मौजा दीदामई (नूर नगर) स्थित उसका एक आवासीय प्लॉट (कीमत 23,01,750 रुपये) और कश्मीरी गेट स्थित एक दुकान (कीमत 11,90,400 रुपये) को कुर्क कर लिया। इस प्रकार गुलबशर की कुल 34,92,150 रुपये की अचल संपत्ति को सरकारी कब्जे में ले लिया गया है।