फिरोजाबाद। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने आमजन की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए पुख्ता प्रबंध किए हैं। लेकिन शहर के आंतरिक चौराहों पर स्थित बीयर और शराब की दुकानों के इर्द-गिर्द ठेल-खोमचों पर लोगों का जमावड़ा शांति व्यवस्था को बनाई रणनीति में सेंध लगा सकता है। कोटला चुंगी, नगला बरी, फिरोजाबाद क्लब चौराहे एवं अति व्यस्ततम सुभाष तिराहे शाम ढलते ही ओपन बार के रूप में तब्दील हो जाते हैं। अराजकतत्वों के जमवाड़ा से माहौल बिगड़ जाता है।
कोटला चुंगी चौराहे पर राजकीय लाइसेंस से संचालित देसी, विदेशी मदिरा एवं भांग की दुकानें हैं। इस चौराहे के 200 मीटर की परिधि में तीन माध्यमिक एवं एक महिला महाविद्यालय संचालित है। इसी चौराहे पर सुबह निर्माण श्रमिकों की मंडी भी लगती है। खास बात है कि इस चौराहे पर देसी शराब एवं भांग की दुकानें सुबह साढ़े पांच बजे ही खुल जाती हैं। कई लोग खुले में शराब का सेवन करते आसानी से देखे जा सकते हैं। ऐसे में सुबह के वक्त स्कूल-कॉलेज जाने वालीं छात्राओं व राहगीरों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।अन्य चौराहों की तरह नगला बरी चौराहे पर देसी एवं विदेशी मदिरा की दुकानें हैं। इन दुकानों के आसपास 20 से अधिक कैंटीन संचालित हैं। इन कैंटीन में से अधिकांश शाम ढलते ही ओपन बार की तरह दिखाई देती हैं। इन कैंटीनों पर कई बार मारपीट की घटनाएं भी हो चुकी हैं।
-
क्लब चौराहा
जलेसर रोड स्थित फिरोजाबाद क्लब चौराहा शहर के विभिन्न हिस्सों में आने जाने का प्रमुख संपर्क मार्ग है। थाना उत्तर से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित क्लब चौराहा पर 100 से अधिक ठेल-खोंमचा एवं अवैध कैंटीन हैं। इन कैंटीन व ठेल पर सुबह से शाम तक अराजकतत्वों व मदिरा प्रेमियों का जमावड़ा लगता है। कई बार मारपीट व भगदड़ जैसी घटनाएं भी प्रकाश में आईं हैं।
सुभाष तिराहा
निगम क्षेत्र में स्थित सुभाष तिराहा शहर का हृदय स्थल है। निगम मार्केट में संचालित देसी व विदेशी शराब की दुकानों के आसपास संचालित कैंटीनों में पूरे दिन जाम छलकते दिखाई देते हैं। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और जरूरी कार्य से निगम आने जाने वाले लोगों का पड़ाव स्थल भी है। लेकिन सुबह से शाम तक इस चौराहे पर लगने वाला अराजकतत्वों का जमावड़ा लोकशांति के लिहाज से अति संवेदनशील है।
शहर के सभी थाना क्षेत्रों में शुक्रवार से अवैध ढंग से शराब पिलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। शहर के माहौल को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा।
हिमांशु गौरव, सीओ सिटी