फिरोजाबाद। आगरा रेंज के आईजी दीपक कुमार शुक्रवार को वार्षिक निरीक्षण के लिए पुलिस लाइन पहुंचे। यहां गार्ड ऑफ ऑनर के बाद उन्होंने पुलिस कार्यालय की सभी शाखाओं का निरीक्षण किया। अपराध समीक्षा बैठक की। इसके बाद परेड की सलामी भी ली।
आईजी आगरा रेंज दीपक कुमार ने शुक्रवार को एसएसपी सौरभ दीक्षित के साथ पुलिस लाइन सभागार में अपराध गोष्ठी की समीक्षा की। जिसमें त्योहारों को देखते हुए। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। फरार बदमाशों पर पुरस्कार घोषित करने के निर्देश दिए। पुलिस पेंशनर्स संग बैठक कर उनकी समस्याओं को सुना। इसके बाद पुलिस लाइन ग्राउंड पर परेड की सलामी ली। प्रतिकूल परिस्थिति से निपटने के उद्देश्य से दंगा नियंत्रण शस्त्रों, उपकरणों का निरीक्षण करते हुए पुलिस बल के कर्मियों को विभिन्न प्रकार के शस्त्रों एवं दंगा नियंत्रण उपकरणों के संचालन का प्रशिक्षण प्रदान किया। इस दौरान एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद, एसपी ग्रामीण अखिलेश भदौरिया के अलावा सभी सर्किल के सीओ और थाना प्रभारी मौजूद रहे।