आईसीएसई बोर्ड में 10वीं और 12वीं के परीक्षार्थियों को इस सत्र से फोटो लगी उत्तर पुस्तिकाएं मिलेंगी। इसके अलावा उस पेज पर छात्र-छात्राओं को अपना नाम, यूनिक आईडी, इंडेक्स नंबर समेत तमाम जरूरी जानकारियां अंकित करनी होगी। इसके लिए बोर्ड से ही पेज कापियों के साथ लगा आएगा।
बोर्ड परीक्षाओं में सख्ती करने के लिए बोर्ड नए-नए प्रयोग करने की तैयारियों में हैं। आईसीएसई बोर्ड में अब परीक्षा देने के बाद परीक्षार्थी अपनी कापी जमा कर देगा। यहां परीक्षक उस कॉपी का का एक हिस्सा अलग करते हुए अपने पास रख लेंगे। इस पूरी प्रक्रिया के क्रियान्वयन के लिए बीते दिनों बोर्ड के वरिष्ठ अफसरों ने प्रधानाचार्यों के साथ बैठक भी की। आईसीएसई बोर्ड से प्रतिवर्ष 10वीं और 12वीं की परीक्षा में औसतन सात से आठ हजार परीक्षार्थी परीक्षा देते हैं। इस संबंध में आईसीएसई बोर्ड से संचालित क्राइस्ट द किंग स्कूल के एंड्रूज कोरिया कहते हैं कि जब कापियों में छात्र-छात्राओं की फोटो लगी होगी तो उसमें अपनी गलत जानकारी देने वाले छात्रों को इस सत्र में कोई मौका नहीं मिलेगा। फोटो के साथ ही ऐसे विकल्प दिए गए हैं कि वह गलती नहीं कर पाएंगे।
ऑनलाइन भेजा जाएगा अंकों का ब्योरा
इस सत्र में कापियां जांचने के बाद टैबलेट के माध्यम से अंकों का डाटा बोर्ड को भेजा जाएगा। बोर्ड में ऐसा पहली बार होगा। जब बोर्ड के पास जल्दी से जल्दी अंकों का डाटा पहुंच जाएगा तो परिणाम भी जल्दी आने की उम्मीद रहेगी। हालांकि इस पर बोर्ड मंथन करने में जुटा हुआ है।