पांच साल से चल रहा था शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न
लाइनपार थाना क्षेत्र के नगला विष्णु (सरनाम सिंह आईटीआई) की रहने वाली पीड़िता दीपा स्वर्णकार का विवाह 26 अगस्त 2014 को जितेंद्र प्रकाश के साथ हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि पिछले पांच साल से उसके ससुराल वाले उसका लगातार शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न कर रहे हैं। शिकायत में मुख्य रूप से पति जितेंद्र प्रकाश, ननद शालिनी जैन, देवर नकुल उर्फ नारायण वर्मा, सास मंजू वर्मा पर आरोप लगाए गए हैं।
जीवित पत्नी का पिंडदान और जानलेवा हमला
घरेलू हिंसा का यह मामला रविवार को तब और गंभीर हो गया जब पति जितेंद्र ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। उसने अपनी जीवित पत्नी का पिंडदान करते हुए एक वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर अपलोड कर दिया। जब दीपा ने इस शर्मनाक कृत्य का कड़ा विरोध किया, तो पति ने उसे अपने साथ रखने से साफ इनकार कर दिया।
देवर ने बेरहमी से पीटा
पीड़िता ने यह भी सनसनीखेज दावा किया है कि तीन दिन पूर्व उसकी ननद और देवर ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की थी। अपनी जान बचाने के लिए उसे खुद को एक कमरे में बंद करना पड़ा था। पीड़िता का कहना है कि उसके पास इस पूरी मारपीट की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी साक्ष्य के तौर पर मौजूद है।
पुलिस का एक्शन और जांच
इस खौफनाक घटना के बाद डरी-सहमी पत्नी ने थाने पहुंचकर पति सहित ससुराल पक्ष के खिलाफ तहरीर दी है और पुलिस से अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ सदर तेजस त्रिपाठी ने बताया कि महिला द्वारा जीवित रहते हुए पिंडदान करने और ससुरालियों द्वारा उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाकर तहरीर दी गई है। पुलिस इस मामले की पूरी निष्पक्षता से जांच कर रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।