एका (फिरोजाबाद)। थाना एका क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसमें अवागढ़ से बाजार कर लौट रहे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पत्नी और बेटा घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजकर पत्नी और बेटा को एटा में भर्ती कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना फरिहा के नगला पंची निवासी रवीश कुमार (40) बृहस्पतिवार को पत्नी मधु और बेटे मोहित के साथ बाइक से अवागढ़ बाजार करने गए थे। बाजार करने के बाद वह लौट रहे थे। अभी वह थाना एका क्षेत्र के रामगढ़ गांव के पास पहुंचे ही थे, तभी सामने से आ रहे एक बाइक सवार युवक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पत्नी और बेटे के साथ रवीश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने रवीश को मृत घोषित कर दिया जबकि पत्नी और बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना पर पहुंचे परिजन ने बताया कि मृतक पंजाब से कोलकाता गाड़ी चलाते थे। अभी गाड़ी से घर आए थे। वह बाजार करने के लिए गए थे। इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी मनोज शर्मा ने बताया कि बाइकाें की टक्कर होने से युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंप दिया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।