फिरोजाबाद। पति की मौत से आहत महिला ने फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को फंदे से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फरिहा थाना क्षेत्र के गांव बलीपुर निवासी संतोषी देवी (30) ने मंगलवार दोपहर घर के अंदर साड़ी का फंदा बनाकर पंखे पर लटक कर आत्महत्या कर ली। परिजन ने जब संतोषी देवी का शव फंदे पर लटका देखा तो परिजन में चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग एकत्रित हो गए। सूचना पर फरिहा पुलिस भी मौके पर पहुंची। शव को फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष फरिहा कृपाल सिंह का कहना है कि महिला ने फंदे पर लटककर आत्महत्या की है। उसके पति की दो माह पूर्व सड़क हादसे में मौत हो गई थी। महिला पर दो बच्चे है। पति की मौत के बाद से वह मानसिक रुप से परेशान रहती थी। शव को पोस्टमार्टम को भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।