नगर निगम के गेट पर धरना देता ठेकेदार अपने परिवार के साथ
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। वर्ष 2007 और 2009 में नगर पालिका (अब नगर निगम) द्वारा कराए गए विकास कार्यों का करीब तीन करोड़ रुपये का भुगतान न होने के कारण ठेकेदार अपने परिवार के साथ गुरुवार से नगर निगम में भूख हड़ताल पर बैठ गया। ठेकेदार ने कहा कि जब तक उसको न्याय नहीं मिल जाता तब तक आंदोलन जारी रखेगा। वहीं देर शाम तक नगर मजिस्ट्रेट ने तुड़वाई हड़ताल।
मोहल्ला न्यू तिलकनगर निवासी राज बहादुर शर्मा नगर पालिका में ठेकेदारी करते थे। वर्ष 2007 और 2009 में राज बहादुर शर्मा ने नालों के निर्माण के साथ अन्य कार्य के ठेके लिए थे। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी नगर पालिका द्वारा भुगतान नहीं किया गया। जिसके चलते करीब तीन करोड़ से अधिक का बकाया नगर पालिका पर हो गया। भुगतान के लिए नगर निगम के अधिकारियों के चक्कर काटते रहे पर भुगतान नहीं हुआ। राज बहादुर शर्मा का कहना है कि इस बार अकेले नहीं पत्नी और परिवार के साथ धरने पर बैठे है। जब तक मांग पूरी नहीं होती आंदोलन खत्म नहीं किया जाएगा।
अन्य ठेकेदारों ने भी दी आंदोलन की चेतावनी
फिरोजाबाद। भुगतान को लेकर अन्य ठेकेदारों ने भी आंदोलन की चेतावनी दी है। इनमें विजय सिंह, रामचंद्र, मेवाराम, प्रताप सिंह, राम दुलारी, संजीव ने कहा कि यदि भुगतान नहीं हुआ तो वह भी आंदोलन की राह पकड़ने के साथ ही नगर निगम में भूख हड़ताल करने को बाध्य होंगे।