राम नगर में महंगी सब्जी बेचे जाने पर हंगामे के दौरान एकत्रित भीड़।
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। राम नगर में महंगी सब्जी बेचने पर हंगामा हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला। इस दौरान गुस्साए सब्जी विक्रेता ने सब्जियां गली में फेंक दीं। बाद में लोगों ने गली में बिखरी सब्जी उठा कर दुकान पर रखीं।
जनता कर्फ्यू खत्म होने के बाद सोमवार सुबह से लोग सब्जी आदि की खरीद के लिए घरों से निकल आए। रामनगर में एक सब्जी विक्रेता के यहां लोग पहुंचे तो सब्जियों के रेट दो गुना सुन कर चौंक गए। कुछ लोगों ने विरोध किया तो सब्जी विक्रेता से विवाद हो गया। तभी कुछ लोगों ने थाना लाइनपार पुलिस को सूचना दे दी।
थाने से पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने से पहले सब्जी विक्रेता ने गुस्से में आकर दुकान से सब्जी उठा कर सड़क पर फेंक दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा कर मामला शांत कराया। क्षेत्र के लोगों ने बाद में सब्जी उठा कर दुकान पर रख दी।