टूंडला तहसील में हंगामा करते उम्मरगढ़ के लोग
- फोटो : TUNDLA
टूंडला। संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे गढ़ी सिधारी के लोगों ने तहसील गेट पर जमकर हंगामा किया। ग्रामीण गांव में जलभराव, गंदे पानी की निकासी न होने अधूरे पड़े शौचालय, अपात्रों को आवास मिलने आदि आरोप लगाए।
ग्रामीणों ने कहा कि पांच हजार की आबादी वाले गांव के लोग नारकीय जीवन जीने को विवश हैं। ग्राम पंचायत ने धरातल पर कोई भी विकास कार्य नहीं करवाया है। कागजों में विकास की गंगा बह रही है। गंदे पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। जलभराव से बीमारियां फैलने का भय सताता रहता है। कई दशक पुराने खड़ंजे को भी ठीक नहीं कराया गया है।
स्वच्छ भारत अभियान के तहत गांव में शौचालय बनवाए गए हैं, उन्हें भी अधूरा छोड़ दिया है। मनमाने तरीके से अपात्रों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया गया है। पात्र अभी भी अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। ग्रामीणों ने डीएम को शिकायती पत्र सौंपकर गांव में कराए गए विकास कार्यों की जांच कराने की मांग की है। हंगामा करने वालों में मुन्नालाल, राजकुमार, राकेश कुमार, रक्षपाल सिंह आदि एक दर्जन से अधिक लोग थे।