थाना लाइनपार के ग्राम दतौजी में शुक्रवार दोपहर एक मकान में आग लगने से हजारों रुपये का घरेलू सामान और भैंसों के लिए लोन की नकदी जलकर राख हो गई। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। आग से पूरा परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है।
दतौजी निवासी लखमीचंद्र पुत्र भोजराज सिंह शुक्रवार सुबह बाजरा की फसल काटने के लिए गया था। इसी दौरान घर के पीछे लगे उपलों के बिटौरा में आग लग गई।
वही आग लखमीचंद्र के मकान तक आ पहुंची। मकान एवं झोपड़ी से धुआं उठता देख आस-पास के लोग आग बुझाने के लिए दौड़े। पानी की कमी से आग नहीं बुझी तो फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। आग से घर पर खाने के लिए गेहूं, कपड़ा के साथ घरेलू बर्तन तथा भैंसों की खरीददारी के लिए बैंक से ऋण की करीब 86 हजार की नकदी आदि सभी जल गए। पीड़ित परिवार ही खुले आसमान के नीचे आ गया है।
उसने जिला प्रशासन से मदद की मांग की है ताकि उसके परिवार की जीविका का संचालन हो सके।