फिरोजाबाद। डीएम रमेश रंजन के निर्देश पर थाना उत्तर और दक्षिण पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गैंगलीडर व हिस्ट्रीशीटर की लाखों की अचल संपत्ति को कुर्क किया है। पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने मुनादी कर लोगों को उक्त संपत्ति को न खरीदने व न बेचने की हिदायत दी है। उत्तर पुलिस उक्त गैंगलीडर की करीब दो करोड़ की संपत्ति को पूर्व में भी कुर्क कर चुकी है। डीएम और एसएसपी सौरभ दीक्षित के निर्देशन में मंगलवार को थाना उत्तर व दक्षिण पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कटरा पठानान निवासी साजिद खान की अचल संपत्ति को मुनादी के बाद कुर्क किया है। पूरी कार्रवाई सिटी मजिस्ट्रेट राजेंद्र कुमार और सीओ सिटी हिमांशु गौरव के नेतृत्व में हुई। इसमें गढ़ैया मोहल्ला स्थित मकान और घेर खोखल स्थित भूतल की खुली हुई छत को जब्त किया गया है। दोनों संपत्ति की कीमत 37.02 लाख 287 रुपये बताई गई है।
उत्तर पुलिस पूर्व में उक्त आरोपी की 2.93 करोड़ की संपत्ति को कुर्क कर चुकी है। इस दौरान थाना उत्तर प्रभारी राजेश पांडेय, दक्षिण प्रभारी योगेंद्रपाल सिंह मौजूद रहे।
आरोपी की मां से हुई काफी देर बहस
पुलिस टीम अधिकारियों के मंगलवार की शाम साजिद के मकान को कुर्क करने के लिए पहुंची थी। तभी उसकी मां और अन्य परिजन ने बताया कि मकान का कोर्ट में केस चल रहा है। काफी बहस होने के बाद अधिकारियों ने उन्हें समझाया और आगे की कार्रवाई की।