पैमेश्वर गेट स्थित चूडी गोदाम में लगी भीषण आग के दौरान जलता सामान
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। पैमेश्वर गेट रेलवे लाइन किनारे स्थित चूड़ी गोदाम में शुक्रवार रात आग लग गई। आग की सूचना पर रसूलपुर, दक्षिण पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। तीन घंटे के अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस बीच गोदाम के भीतर खड़ी कार भी आग की भेंट चढ़ गई।
थाना उत्तर अंतर्गत मोहल्ला जैन नगर निवासी सुभाष चंद्र अग्रवाल का दक्षिण थाना क्षेत्र के पैमेश्वर गेट स्थित रेलवे लाइन किनारे सुभाष बैंगिल्स के नाम से चूड़ी का गोदाम है। शुक्रवार रात आठ बजे वह प्रतिदिन की भांति गोदाम बंद कर घर चले गए। रात तकरीबन एक बजे शॉर्ट सर्किट के कारण गोदाम में यकायक आग लग गई।
गोदाम से उठती आग की लपटों को देखकर क्षेत्र के लोगों में चीखपुकार मच गई। सूचना पर गोदाम मालिक सुभाष चंद्र अग्रवाल, चौकी प्रभारी पैमेश्वरगेट प्रदीप कुमार के साथ रसूलपुर थानाध्यक्ष अजय किशोर भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर फायर विभाग की दो गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गई। फायर विभाग के कर्मचारियों ने गोदाम का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और करीब तीन घंटे के अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया।
सीएफओ जसवीर सिंह ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी है। आग पर काबू पाने में तीन घंटे से अधिक का समय लगा। आग से करीब 20 लाख रुपये का आंकलन किया गया है।