कोरोना पॉजिटिव मिली महिला के घर को सैनिटाइज करता पालिकाकर्मी
- फोटो : TUNDLA
फिरोजाबाद। जनपद में कोरोना संक्रमण पूरी तरह बेकाबू हो गया है। 24 घंटे में 21 नए मामले सामने आए हैं। इसमें चूड़ी कारोबारी, एलआईसी अधिकारी का परिवार एवं शिक्षिका शामिल हैं। अब कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 4120 हो गया है। वहीं एक्टिव केस बढ़कर 146 हो गए हैं।
विभव नगर, पुलिस चौकी के निकट निवासी 40 वर्षीय चूड़ी व्यवसायी एवं उनकी पत्नी की रिपोर्ट में कोरोना संक्रमण होने की पुष्टि हुई है। स्टेशन रोड स्थित 35 वर्षीय युवक, कटरा मोहल्ला निवासी 26 वर्षीय युवती, नगला सदासुख निवासी 35 वर्षीय पुरुष, चौबे जी का बाग स्थित चूड़ी कारोबारी कोरोना का शिकार हुआ है। सुहाग नगर सेक्टर एक स्थित एलआईसी फ्लैट में कोरोना संक्रमण फैला है। यहां पर दो एलआईसी अधिकारी कोरोना का शिकार हुए हैं।
वहीं, एक एलआईसी अधिकारी की पत्नी और दो बच्चे कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। सरक्यूलर रोड निवासी एक चिकित्सक, सरस्वती नगर निवासी 10 वर्षीय बालक, गांधी नगर निवासी 62 वर्षीय एक वृद्घा, माता बाला बाग निवासी एक ग्लास कारोबारी की पत्नी, जिजौली गांव निवासी 25 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमण का शिकार हुआ है। वहीं, नौजी कायथा गांव में निवासी एक गर्भवती महिला कोरोना संक्रमित पाई गई है।
इसके साथ ही टूंडला के ब्रज विहार कॉलोनी में एक कोरोना केस मिला है। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अधीक्षक डॉ. संजीव वर्मा के निर्देश पर सफाई निरीक्षक सुनील टैगोर की टीम द्वारा ब्रजविहार कॉलोनी में संक्रमित महिला के घर को सैनिटाइज किया गया। सीएमओ डॉ. नीता कुलश्रेष्ठ ने कहा कि लोग मास्क अनिवार्य रूप से पहनें। कोविड नियमों का पालन करना जरूरी है।