फिरोजाबाद। कांच हस्तशिल्प के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले हस्तशिल्पियों को प्रदेश स्तर पर सम्मान पाने का मौका है। प्रदेश सरकार ने हस्तशिल्प प्रोत्साहन एवं दक्षता हस्तशिल्प पुरस्कार योजना के तहत पात्र व्यक्तिओं से आवेदन मांगे हैं।
प्रदेश सरकार द्वारा हर साल कांच व अन्य उत्पाद तैयार करने वाले हस्तशिल्पियों को राज्य स्तरीय सम्मान दिया जाता है। वर्ष 2024-25 के तहत दिए जाने वाले हस्तशिल्प एवं दक्षता पुरस्कार के लिए आवेदन की तिथि सात जुलाई 2024 निर्धारित की गई है। उपायुक्त उद्योग दुष्यंत कुमार के मुताबिक राज्य स्तरीय सम्मान के इच्छुक पात्र हस्तशिल्पी अपनी कलाकृति व ऑनलाइन आवेदन की प्रति सात जुलाई तक जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र पर जमा करा सकते हैं। राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए 15 एवं दक्षता पुरस्कार के लिए 20 हस्तशिल्पियों की संख्या भी तय है।