हजयात्रा : 72 घंटे पूर्व की आरटीपीसीआर जांच कराकर ही जा सकेंगे
- 65 वर्ष से अधिक आयु के लोग नहीं कर सकेंगे यात्रा, सऊदी अरब सरकार ने जारी की गाइडलाइन
- हज कमेटी ऑफ इंडिया ने 22 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन करने का दिया मौका, 65 से कम वाले ही करें आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। कोविड-19 के प्रकोप के चलते पिछले दो वर्ष से बंद हजयात्रा शुरू दी गई है। इस बार 65 वर्ष से अधिक आयु वाले लोग यात्रा नहीं कर सकेंगे। यात्रा पर जाने से पूर्व की 72 घंटे पूर्व की कोरोना जांच की आरटीपीसीआर रिपोर्ट होना अनिवार्य है। हजयात्रियों को दोनों वैक्सीन लगवाना भी आवश्यक होगा।
हज सेवा समिति उत्तरप्रदेश के महासचिव एवं यूपी हज कमेटी के चीफ मास्टर ट्रेनर मौलाना आलम मुस्तफा याकूबी ने कहा कि सऊदी अरब सरकार ने पवित्र रमजान माह में यह खुशखबरी दी है कि इस बार हजयात्रा होगी। बुजुर्गों को जरूर मायूसी होगी क्योंकि 65 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को इस बार यात्रा की अनुमति नहीं होगी। हजयात्री 72 घंटे पूर्व की आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट के साथ सऊदी अरब सरकार की ओर से मान्य वैक्सीन (कोविड शील्ड या को वैक्सीन या फिर फाइजर) का टीका लगाना अनिवार्य होगा। हज कमेटी ऑफ इंडिया की ओर से अभी कोटा जारी नहीं किया गया है। कुछ दिनों में कोटा जारी होने की उम्मीद है। प्रदेश से 7821 एवं जिले से हजयात्रा के लिए 42 आवेदन अभी तक किए जा चुके हैं।
हज कमेटी ऑफ इंडिया ने 22 अप्रैल तक हजयात्रा के लिए ऑनलाइन आवेदन करने का मौका दिया है। पहले जिन लोग हजयात्रा के लिए आवेदन नहीं किया है वह अब कर सकेंगे। हजयात्रियों की उम्र 30 अप्रैल 2022 को 65 वर्ष से कम होनी चाहिए। यदि पति-पत्नी में यदि किसी की उम्र 65 वर्ष से अधिक है तो वह संशोधन करवा लें। उनके स्थान पर 65 वर्ष से कम आयु के किसी दूसरे व्यक्ति का नाम शामिल करा सकेंगे। यह मौका दिया गया है।