गुप्ता कचौड़ी वाले की खुली दुकान।
- फोटो : गुप्ता कचौड़ी वाले की खुली दुकान।
फिरोजाबाद। करीब 20 महीने बाद सुहागनगरी के कचौड़ी के शौकीनों को गुप्ता कचौड़ी का वही पुराना स्वाद एक बार फिर चखने को मिला। दुकान खुलने की जानकारी होते ही बुधवार को कतार लगी दिखाई दी। किसी ने चार तो किसी ने पांच कचौड़ी खाई इसके साथ घरों के लिए भी पैकिंग कराके ले गए। दोपहर बाद तक कचौड़ी के बिकने का क्रम चलता रहा।
थाना उत्तर क्षेत्र के हनुमान रोड स्थित गुप्ता कचौड़ी व समोसा विक्रेता सुखदेव गुप्ता द्वारा संचालित की जा रही दुकान करीब 20 महीने पहले पूर्व अचानक दुकान बंद करके चले गए थे। बैंक ने उनके घर पर नोटिस चस्पा कर दिया था।
बुधवार को जब गुप्ता कचौड़ी की दुकान खुलने की जानकारी हुई तो सुबह से लोग कचौड़ी खाने पहुंच गए। ग्राहकों की भीड़ लगी दिखाई दी। दुकान पर ही खाने के साथ लोग पैक कराकर घर ले गए। लोगों के अनुसार पहले ही दिन सात से आठ हजार कचौड़ी बिक्री का अनुमान है। गुप्ता कचौड़ी के संचालक सुखदेव गुप्ता व उनके पुत्र अंकुर गुप्ता का कहना है कि कुछ परिस्थितियों के कारण दुकान बंद करना पड़ा था। काफी समय बाद दुकान खुली थी, इसके कारण लोग आए थे।
आसपास के कचौड़ी विक्रेताओं ने घटा दी दरें
गुप्ता कचौड़ी विक्रेता की दुकान खुलने के साथ हनुमान रोड पर कचौड़ी के विक्रेता कचौड़ी की दरें घटाने को मजबूर हो गए। मंगलवार तक जो 25 रुपये की दो कचौड़ी बिक्री कर रहे थे वह बुधवार को 20 रुपये की दो कचौड़ी बेचने को मजबूर हो गए। इस तरह की स्थिति हनुमान रोड पर देखने को मिली।
बोले कचौड़ी के शौकीन..
-करीब दो वर्ष बाद गुप्ता की कचौड़ी खाने को मिली तो वही पुराना स्वाद दिखाई दिया। मैंने चार कचौड़ी खाने के साथ घर भी ले गए। कचौड़ी खत्म होने तक भी़ड़ लगी रही। - राहुल गुप्ता पालू तिलक नगर
हनुमान रोड स्थित गुप्ता कचौड़ी का अलग ही स्वाद है। हमें जैसे ही दुकान खुलने और कचौड़ी बनने की जानकारी हुई तो दोस्तों के साथ पहुंच गया। एक ही दिन में पांच से सात हजार के करीब कचौड़ी की बिक्री हो गई होगी। - रोहित शर्मा, लेबर काॅलोनी