हाईवे पर देर रात तेज गति से दौड़ रहा ट्रक अनियंत्रित होकर जाटव पुरी
चौराहे के निकट रेलिंग को तोड़कर सर्विस रोड पर पलट गया। हादसे के कारण
हाईवे पर लगा विद्युत पोल और तार टूट गए। इससे तकरीबन 15 घंटे शहर की बिजली
गुल रही। नया विद्युत पोल स्थापित करने, तार जोड़ने में कर्मचारियों को
घंटों तक मशक्कत करनी पड़ी।
आगरा के एत्माद्दौला सीतानगर निवासी विनोद पुत्र देवनरायन कोटा
राजस्थान से ट्रक में लहसुन भरकर कुरावली मैनपुरी जा रहा था। देर रात करीब
एक बजे जाटव पुरी चौराहे के निकट चालक ट्रक से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक
अनियंत्रित होकर रेलिंग को तोड़ते हुए सर्विस रोड पर पलट गया। ट्रक पलटने
के कारण हाईवे पर लगा विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गया तो वहीं दो जगह
हाईटेंशन के तार टूट गए। पोल और तार टूटने के कारण शहर के एसएन, गांधी
पार्क और सुहागनगर से जुड़े करीब आधा शहर की विद्युत आपूर्ति ध्वस्त हो गई।
विद्युत पोल और तार टूटने की सूचना विद्युत विभाग को दी गई। इसके बावजूद
विद्युत विभाग के अधिकारी सुबह मौके पर पहुंचे। विद्युत टीम को पोल और तार
बदलने में तकरीबन आठ घंटे का समय लग गया। ऐसे में तकरीबन 15 घंटे बिजली गुल
रही।
तो गंभीर होता हादसा...
हाईवे पर जाटव पुरी
चौराहा सर्वाधिक भीड़भाड़ वाले चौराहों में गिना जाता है। इस चौराहे पर
वाहनों एवं पैदल यात्रियों का काफी दबाव रहता है। यहां ट्रैफिक नियंत्रण
में पुलिस कर्मियों को भी दिक्कत होती है। शुक्र है घटना रात्रि में हुई
अन्यथा जानमाल की हानि भी हो सकती थी।
धड़धड़ाते रहे जेनरेटर
देर
रात आपूर्ति ठप होने के बाद जेनरेटर धड़धड़ाते नजर आए। सुबह सरकारी,
प्राइवेट कार्यालयों, बैंकों व बाजारों में जेनरेटरों का शोर सुनाई दिया।
आपूर्ति ध्वस्त होने के कारण घरों, दुकानों, कार्यालयों में लगे इनवर्टर ठप
हो गए।
विभाग को लगी 50 हजार की चपत
एसडीओ आरके पुष्कर ने बताया कि हाईवे पर विद्युत पोल एवं हाईटेंशन तार टूटने के कारण विभाग को करीब 50 हजार का नुकसान हुआ है।