फिरोजाबाद। राज्य वित्त एवं स्वच्छ भारत मिशन के तहत प्रस्तावित 16 सामुदायिक शौचालय निर्माण का काम नगर निगम की फाइलों से बाहर नहीं निकल रहा। ठेकेदारों द्वारा टेंडर प्रक्रिया में बेरुखी के चलते करीब एक साल पहले शौचालय निर्माण के लिए मिली एक करोड़ से ज्यादा की धनराशि का सदुपयोग नहीं हो सका है।
स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित हो रही कांचनगरी फिरोजाबाद में स्वच्छता अभियान को बढ़ावा देने के लिए सार्वजनिक व अत्याधिक आवाजाही वाले इलाकों में 16 सामुदायिक शौचालय निर्माण का काम प्रस्तावित है। राज्य वित्त एवं स्वच्छ भारत मिशन के तहत प्रस्तावित सभी 16 शौचालयों के निर्माण को छह माह पूर्व शासन द्वारा एक करोड़, 58 लाख रुपये की धनराशि जारी की जा चुकी है। शौचालय निर्माण के लिए निगम प्रशासन बीते दिनों में दो-तीन बार टेंडर भी जारी कर चुका हैए लेकिन ठेकेदारों ने टेंडर प्रक्रिया में भाग नहीं लिया।
इन स्थानों पर बनने थे 19 शौचालय
राज्य वित्त एवं स्वच्छ भारत मिशन शहरी के तहत प्रस्तावित 16 शौचालयों का निर्माण शहर के सार्वजनिक स्थलों, घने बाजार, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के पास किया जाना था। उक्त स्थानों पर उपयुक्त भूमि चिह्निकरण का काम पूरा नहीं हो सका है।
एसबीएम और राज्य वित्त की धनराशि से प्रस्तावित शौचालय निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि की तलाश की जा रही है। पूर्व में चिह्नित भूमि पर मालिकाना हक को लेकर कुछ अड़चनें थीं। इस कारण ठेकेदारों ने टेंडर नहीं डाले। भूमि चिह्निकरण कर जल्द ही दोबारा टेंडर प्रक्रिया शुरू कराएंगे।
आशीष शुक्ल, एक्सईएन निर्माण नगर निगम