नकदी और आभूषण लूटे, फायरिंग कर हुए फरार
लोगों ने किया पीछा, पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
फीरोजाबाद। ग्राहक बनकर ज्वेलर्स की दुकान पर पहुंचे बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया। क्षेत्रीय लोगों ने पीछा किया तो बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पुलिस ने बदमाशों की शिनाख्त के लिए सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले लेकिन सफलता नहीं मिली।
कोतवाली उत्तर क्षेत्र के रेहना रोड स्थित पवन कुमार वर्मा पुत्र भोलानाथ वर्मा की प्रिया ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। रविवार दोपहर करीब एक बजे पवन दुकान पर बैठे थे। तभी बाइक सवार तीन बदमाश वहां आ गए। दो बदमाश पवन के पास पहुंचे जबकि एक बाइक के पास खड़ा रहा। दोनों युवकों ने सोने-चांदी के आभूषण दिखाने को कहा। पवन ने जैसे ही आभूषणों से भरी अलमारी खोली बदमाशों ने तमंचे निकाल लिए। गोली मारने की धमकी देते हुए अलमारी रखी नकदी और सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश भागे तो पवन ने शोरगुल कर दिया। आसपास के लोगों ने उनका पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इससे दहशत फैल गई। एक गोली परचून की दुकान के बंद शटर में जा लगी। सूचना पर कोतवाल उत्तर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। बदमाशों की तलाश की गई लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर एक शोरूम पर लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाशों के फुटेज खंगाले, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पवन ने बताया कि बदमाश 20 हजार रुपये की नकदी, ढाई सौ ग्राम चांदी और 80 ग्राम सोने के आभूषण लूटकर ले गए हैं। कोतवाल उत्तर का कहना है कि बदमाशों की तलाश की जा रही है।