टूंडला गिरवी रखे लाखों रुपये के आभूषण लेकर स्वर्णकार फरार हो गया। पिछले नौ दिनों से दुकान में ताला पड़ा होने पर आभूषण गिरवी रखने वाले ग्रामीणों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए स्वर्णकार के विरुद्ध थाना नगला सिंघी में तहरीर दी है।थाना नगला सिंघी के गांव धीरपुरा निवासी दर्शनलाल की मार्केट में कुर्री हिरनगांव निवासी विकास यादव की काव्या ज्वैलर्स के नाम से सोने-चांदी की दुकान है। इसी गांव का गौरव भी उनकी दुकान पर काम करता है। दुकान 18 अक्तूबर से बंद है। दिवाली पर दुकान बंद होने पर ग्रामीणों को शक हुआ तथा उन्होंने उसकी तलाश की। उसका कहीं पता नहीं चला। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने लाखों रुपये के आभूषण गिरवी रखकर पैसा उधार लिया था।
आरोप है कि दुकानदार उनके लाखों रुपये कीमत के गहने लेकर फरार हो गया है। कुछ ग्रामीणों का कहना कि ऐसे हैं उन्होंने पैसे भी जमा कर दिए, लेकिन उनके आभूषण अभी तक वापस नहीं हुए हैं। जब ग्रामीण एकजुट होकर उनके घर पहुंचे तो परिजन ने बताया कि वह शुक्रवार से घर नहीं आया है। उसका कहीं कुछ अता पता नहीं है। तब ग्रामीण थाना नगला सिंघी पहुंच गए तथा हंगामा किया। हंगामा व शिकायत करने वालों में रेखा, रचना, कल्पना, सीमा, रूमा, सपना, मालती, गुड्डी देवी, मोहित, रामनरेश, प्रेमशंकर, गोपाल सिंह आदि हैं।
मामले में महिला-पुरुष थाने आए थे, उन्होंने तहरीर दी है। स्वर्णकार की थाना लाइनपार में गुमशुदगी दर्ज है। उसके आगमन पर ही समस्या का समाधान हो सकेगा।
शिवकुमार चौहान, थानाध्यक्ष नगला सिंघी