फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष अंबेश शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल डीएम डाॅ.उज्जवल कुमार से मिला। उन्होंने स्मार्ट सिटी के नाम पर तोड़ी गई 13 दुकानों के स्थान पर पुन: दुकानें बनवाकर देने के वादे को पूरा किए जाने की मांग की, जिससे दुकानदारों की रोजी रोटी का संचालन हो सके। व्यापारी नेताओं ने जिलाधिकारी डाॅ. उज्जवल कुमार को सौंपे पत्र में कहा कि सुभाष तिराहा से लेकर रेलवे स्टेशन तक स्मार्ट सिटी के नाम पर काम कराया जा रहा है। इस दौरान बस स्टैंड के पास 40-40 वर्ष पुरानी बनी दुकानों को तुड़वा दिया था। दुकानों को तोड़े जाने के दौरान नगर निगम के अधिकारियों ने यह वादा किया था कि बीस दिन के अंदर नाला बनाने के बाद लोहे के खोखे दुकानों को बनवाकर दे दिया जाएगा। जिससे शेष बची भूमि पर अपनी दुकानों का संचालन कर सकें। दो माह से अधिक समय बीतने के बाद अभी तक खोखे बनाकर नहीं दिए हैं। इसके कारण दुकानदार भटकने को मजबूर हैं। जिलाधिकारी को पत्र सौंपने वालों में महानगर महामंत्री रामबाबू झा, अर्जेश उपाध्याय, सुभाष यादव, परशुराम लालवानी, विवेक कौशल आदि शामिल रहे।