जसराना (फिरोजाबाद)। थाना जसराना क्षेत्र के ग्राम नगला राजे में बुधवार शाम उस अपनी मां के साथ ननिहाल आई एक डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी भारी पुलिस बल के साथ गांव में डेरा डाले हुए हैं और बच्ची की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन देर रात तक जारी रहा।
एटा के पटियाली गेट निवासी कमल प्रताप की डेढ़ वर्षीय पुत्री प्रज्ञा पिछले एक माह से अपनी मां रुवी के साथ ननिहाल नगला राजे में अपने नाना नाहर सिंह के घर रह रही थी। बुधवार शाम करीब 4 बजे मां ने बच्ची को दूध पिलाया था, जिसके बाद वह अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर खेलने लगी। इसी दौरान मां घरेलू सामान लेने बाजार चली गई। जब वह वापस लौटी, तो बच्ची वहां से गायब थी।
काफी खोजबीन के बाद जब बच्ची का सुराग नहीं लगा, तो रात करीब 8 बजे पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे सीओ प्रेमप्रकाश पांडेय ने टीम के साथ खेतों और आसपास के घरों में तलाशी ली। अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों की मदद से घर के पास स्थित तालाब को पंप सेट लगाकर खाली कराना शुरू कर दिया।
बच्ची के लापता होने की सूचना पर तत्काल पुलिस टीम तैनात की गई है। हर संभावित स्थान पर तलाश जारी है। तालाब को खाली कराया जा रहा है ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके। जल्द ही बच्ची को सकुशल ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है।
- प्रेमप्रकाश पांडेय, सीओ जसराना