ककरऊ स्थित मस्जिद बाली गली में आता गंदा पानी दिखाती क्षेत्रीय महिलाएं
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। ककरऊ मोहल्ले में होने वाली पेयजल आपूर्ति में पानी में लगातार कीडे़ निकल रहे हैं। क्षेत्रीय लोग इसकी शिकायत करने जिला मुख्यालय पहुंचे। एडीएम को अवगत कराया कि दो दिन पूर्व भी पानी में कीड़े आए थे। फिर से पानी में कीड़े आने शुरू हो गए हैं।
सोमवार सुबह करीब 35 घरों में पानी की सप्लाई के साथ कीड़े पहुंचे। कीडे़ पानी में तैरते साफ दिखाई दे रहे थे। कीड़े वाला पानी बोतल में भरकर स्थानीय लोग हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां एडीएम आदित्य प्रकाश से मिलकर लोगों ने इसकी शिकायत की।
एडीएम ने संबंधित अधिकारी से बात कर लोगों को समस्या के समाधान का अश्वासन दिया। हिंदू जागरण मंच के दुर्गेश कुमार, प्रशांत महेश्वरी, पिंकी चौहान, प्रदीप कुमार आदि का कहना था कि दो दिन पहले भी पानी में कीड़े आए थे। जबकि दूषित पानी से पूर्व में दो बच्चों की भी मौत हो चुकी है।
इसके बाद भी जल निगम के अधिकारी दूषित पानी और पानी में आ रहे कीड़ों की समस्या का स्थाई हल नहीं कर सका है। क्षेत्रीय लोगों ने अधिकारियों को चेतावनी दी है यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।