फिरोजाबाद। पाइप लाइन की मरम्मत व चैंबरों के वाल्व बदलने के चलते शुक्रवार को शहर की पांच प्रमुख कांच इकाइयों की गैस आपूर्ति बाधित हो गई। करीब पांच घंटे चले मरम्मत कार्य के कारण पांचों माउथ ब्लोइंग इकाइयों में दोनों शिफ्ट में उत्पादन का पहिया थमा रहा। वहीं काम नहीं लगने के कारण 3000 से अधिक कांच कामगार बैरंग लौटे।गेल इंडिया द्वारा औद्योगिक आस्थान नगला भाऊ क्षेत्र में शुक्रवार को गैस पाइप लाइन की मरम्मत व गैस चैंबरों के वाल्व आदि बदलने का कार्य किया गया। इस दौरान औद्योगिक आस्थान के आधे से अधिक क्षेत्र में नेचुरल गैस की सप्लाई प्रभावित रही। गैस सप्लाई में कट के कारण आस्थान स्थित पांच माउथ ब्लोइंग इकाइयों की दोनों शिफ्टों में उत्पादन का पहिया थम गया। 3000 से अधिक कांच कामगार बैरंग लौटे। गैस सप्लाई में कट के वजह से आस्थान स्थित मैसर्स मिलेनियम ग्लास, आरआर ग्लास, जगदंबा ग्लास वर्क्स, फिरोजाबाद सिरेमिक एवं रचना इंडस्ट्रीज में शुक्रवार को कामकाज प्रभावित रहा।
-
मरम्मत कार्य के कारण औद्योगिक आस्थान स्थित पांच-कांच इकाइयों में गैस आपूर्ति प्रभावित रही। देर शाम मरम्मत कार्य पूरे होने के बाद गैस की आपूर्ति सुचारू हो गई।-मनमोहन, प्रभारी ऑपरेशन गेल इंडिया