डीजे पर डांस को लेकर घराती और बारातियों के बीच मारपीट हो गई। खाने तक की प्लेट एक दूसरे पर फेंकी गई। शादी समारोह में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में वरमाला का कार्यक्रम आयोजित कराया।
मामला उत्तर क्षेत्र का है। कोटला चुंगी स्थित एक मैरिज होम में गुरुवार रात शादी समारोह का आयोजन था। बारात चढ़ने के बाद वरमाला की तैयारियां चल रही थीं। कुछ युवक डीजे पर डांस कर रहे थे। तभी युवकों के बीच डांस को लेकर विवाद हो गया। वहां मौजूद अन्य लोग इस विवाद को शांत कराते तब तक दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। मारपीट शुरू हो गई, एक दूसरे पर खाने की प्लेट फेंकना शुरू हो गया।
मामला बढ़ता देख पुलिस को सूचना दी गई। कोतवाल उत्तर और क्यूआरटी के जवान भी पहुंच गए। इसके बाद मामला शांत हो सका। पुलिस की मौजूदगी में ही वरमाला का कार्यक्रम हो सका। कोतवाल उत्तर का कहना है कि विवाद के दौरान मारपीट हुई थी। विवाह समारोह में मारपीट, पुलिस की मौजूदगी में पड़ी वरमाला