फिरोजाबाद। झालगोपालपुर नहर की सफाई न होने से शहर को मिलने वाले गंगाजल पर बार-बार ब्रेक लग रहा है। सिंचाई विभाग और नगर निगम के बीच नहर की सफाई को लेकर खींचतान की स्थिति है। सिंचाई विभाग नहर की सफाई कर नहीं पा रहा और नगर निगम के पास पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। झील का निर्माण अभी तक पूरा नहीं हो सका है। नहर जगह-जगह अवरुद्ध होने के कारण गंगाजल नंदपुर इंटेक तक नहीं आ पा रहा है। इससे बुधवार को भी शहर को पर्याप्त पानी नहीं मिल सकेगा।
झालगोपालपुर नहर से 25 किलोमीटर दूरी पर बने नंदपुर इंटेक तक पानी का बहाव बार-बार प्रभावित हो रहा है। कारण नहर में जगह-जगह घास उग आना और सिल्ट का जमा होना है। इन अवरोधों के कारण इंटेक तक आने वाले पानी का स्तर तीन फीट से घटकर डेढ़ फीट रह गया है। इसके चलते मंगलवार शाम को दी जाने वाली पानी की सप्लाई बाधित रही। बुधवार को सुबह भी शहर को पर्याप्त पानी नहीं मिल सकेगा।
जल निगम के एक्सईएन राकेश कुमार का कहना है कि नहर में घास जमा होने के कारण नंदपुर पर पानी डेढ़ फीट के करीब रह गया है। पानी रुक-रुक कर आ रहा है। इसके चलते मंगलवार शाम को शहर को सप्लाई नहीं दी गई। यदि पर्याप्त पानी आता है तो बुधवार सुबह शहर को सप्लाई दी जा सकती है, अन्यथा नहीं।
सिंचाई विभाग नगर निगम से मांग रहा मेंटीनेंस खर्च
इस परियोजना के अंतर्गत सिंचाई विभाग और नगर निगम के बीच यह तय हुआ था कि नहर की सफाई के साथ नहर के मेंटीनेंस पर खर्च की जाने वाली धनराशि का दो प्रतिशत नगर निगम द्वारा दिया जाएगा। नगर निगम ने मेंटीनेंस पर खर्च की जाने वाली धनराशि का दो प्रतिशत भुगतान के लिए शासन को पत्र लिखा है, लेकिन शासन से अभी तक इस पर कोई गौर नहीं किया गया है। नहर की सफाई कराने के लिए सिंचाई विभाग द्वारा अक्तूबर माह में रोस्टर जारी किया गया था। लेकिन जल निगम के पास पानी स्टोर करने के लिए झील तैयार नहीं थी। इसलिए रोस्टर तोड़ कर शहर को गंगाजल दिया गया।
झील का निर्माण न होने के कारण नहर की सफाई का कार्य प्रभावित है। उच्चाधिकारी भी नहर की सफाई कराने के लिए नगर निगम से धनराशि मांग रहे हैं। नहर की सफाई का कार्य बाधित हो रहा है।
-अनवर अली, एक्सईएन सिंचाई विभाग
मामला शासन में होने के कारण सिंचाई विभाग को मेंटीनेंस का पैसा नहीं दिया गया है। नगर निगम ने अपने कर्मचारियों से नहर की सफाई करा रहा है। मंगलवार को 50 कर्मचारियों को लगाया गया है।
-विजय कुमार, नगर आयुक्त
नहर का निरीक्षण करने झालगोपालपुर पहुंचे नगर आयुक्त
नहर में घास जमा होने के कारण पानी की सप्लाई बाधित होने की सूचना पर नगर आयुक्त विजय कुमार जलकल विभाग के अधिकारियों के साथ झालगोपालपुर पहुंचे। नहर का निरीक्षण करने के साथ ही जलकल विभाग के अधिकारियों को नहर की सफाई के लिए निर्देश देते हुए कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने को कहा। जिससे नहर को जल्द साफ करने के साथ ही शहर को दोनों समय पानी दिया जा सके।